NEWS PR डेस्क: पटना। राजधानी में अपराध और अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए पटना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग मामलों का खुलासा किया है। इस दौरान स्मैक तस्करी, हर्ष फायरिंग और अवैध हथियार बरामदगी से जुड़े मामलों में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
वाहन जांच में पकड़ा गया स्मैक तस्कर
केवड़ा थाना पुलिस को वाहन जांच के दौरान बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार करते हुए उसके पास से करीब 245 ग्राम स्मैक बरामद की है। जब्त स्मैक की कीमत लगभग 20 से 25 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तस्कर पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है।
हर्ष फायरिंग मामले में आरोपी गिरफ्तार
वहीं लहसुना थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग की घटना में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस घटना में दो बच्चे घायल हो गए थे। पुलिस ने आरोपी के पास से एक राइफल भी बरामद की है।
सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने बताया कि समारोह में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के दौरान दो हथियारों की पहचान की गई है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
इसके अलावा शादी समारोह के दो आयोजकों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। हालांकि पीड़ित पक्ष का कहना है कि जिस हथियार से गोली चलने की बात कही जा रही है, उससे फायरिंग नहीं हुई थी। अब एफएसएल जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
मसौढ़ी में अवैध हथियार बरामद
उधर मसौढ़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अवैध हथियार बरामद किए हैं और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है।
पटना पुलिस का कहना है कि शहर में अपराध और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।