NEWS PR डेस्क: पटना। ईद की नमाज की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी पटना ने सोमवार को वरीय अधिकारियों के साथ गांधी मैदान का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर ही समीक्षात्मक बैठक भी की तथा नमाज-ए-इदैन कमिटी के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा कर तैयारियों की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कमिटी के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर सभी प्रशासनिक तैयारियां मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। साथ ही उत्कृष्ट भीड़ प्रबंधन, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, सुचारु यातायात संचालन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि बिहार दिवस और ईद की तैयारियों को देखते हुए 17 मार्च से ईद के पूर्व दिवस तक गांधी मैदान आम जनता के लिए बंद रहेगा। इस अवधि के दौरान आम लोगों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
ईद के अवसर पर गांधी मैदान में नमाज अदा करने के लिए आने वाले नमाजियों के प्रवेश की विशेष व्यवस्था की गई है। नमाजी गेट नंबर 4, 5, 6, 7, 8, 9 और 10 से मैदान में प्रवेश करेंगे। वहीं वाहन के साथ आने वाले लोगों को गेट नंबर 5, 7 और 10 से प्रवेश करने की अनुमति दी जाएगी।
प्रशासन ने बताया कि ईद के मौके पर बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की जा रही है, ताकि नमाज शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।