NEWS PR डेस्क: पटना/महुआ, 06 अप्रैल। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) द्वारा घोषित मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2026 के परिणामों में महुआ विधानसभा क्षेत्र की बेटी शबरीन परवीन ने राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर नया इतिहास रच दिया है। वैशाली जिले के चेहराकला प्रखंड स्थित छौराही गांव की रहने वाली शबरीन ने कुल 492 अंक हासिल कर बिहार टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया।
शबरीन की इस शानदार सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। ग्रामीण परिवेश से निकलकर राज्य में अव्वल आने वाली शबरीन आज हजारों छात्रों के लिए प्रेरणा बन गई हैं।
इस उपलब्धि पर बिहार सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) मंत्री सह स्थानीय विधायक संजय सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शबरीन परवीन और उनके परिवार को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि शबरीन की यह सफलता उसकी मेहनत, लगन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है।
मंत्री संजय सिंह ने अपने संदेश में कहा कि महुआ की इस बेटी ने पूरे बिहार में अव्वल आकर यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं भी बुलंद हौसलों के दम पर ऊंचाइयों को छू सकती हैं। यह उपलब्धि पूरे विधानसभा क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने आगे कहा कि बिहार की बेटियां आज शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं, जो राज्य के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। मंत्री ने शबरीन के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वह आगे चलकर देश और समाज की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।
शबरीन परवीन की सफलता न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे बिहार के लिए प्रेरणास्रोत है, जो यह संदेश देती है कि मेहनत और दृढ़ संकल्प से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।