NEWS PR डेस्क: गया जी, 08 अप्रैल। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मैगरा थाना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने 10 अफीम तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में करीब 230.800 किलोग्राम डोडा अफीम, एक पिकअप वाहन, चार बाइक और 9 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर इमामगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कमलेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम में मैगरा थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार, एसआई निरंजन पासवान, एएसआई राजेश कुमार यादव समेत एसटीएफ के जवान और सशस्त्र बल शामिल थे।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मैगरा थाना क्षेत्र के सेवरा राज बांध के पास अवैध डोडा अफीम की बड़ी खेप लाई जा रही है। इसी सूचना के आधार पर 7 अप्रैल 2026 की रात करीब 1 बजे छापेमारी की गई। मौके से 15 बोरों में भरी 2 क्विंटल 30 किलो 800 ग्राम डोडा अफीम से लदी एक पिकअप वाहन और चार बाइक (दो अपाची, एक शाइन और एक स्प्लेंडर) को जब्त किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 10 तस्करों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में गया और झारखंड के चतरा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बरामद अफीम की खेप को कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस इस पूरे नेटवर्क के अन्य सदस्यों और इसके पीछे जुड़े गिरोह का पता लगाने में जुटी हुई है।