बिहार की राजनीति में आज का दिन बेहद अहम और ऐतिहासिक माना जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार का पहला बड़ा कैबिनेट विस्तार पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में हो रहा है। मुख्यमंत्री बनने के 22 दिन बाद सम्राट चौधरी अपनी नई टीम के साथ सत्ता और संगठन दोनों का बड़ा संदेश दे रहे हैं। गांधी मैदान में आयोजित इस भव्य समारोह में 32 नए मंत्रियों ने शपथ शपथ लिया। इनमें बीजेपी से 15, जेडीयू से 13, एलजेपी (रामविलास) से 2, जबकि HAM और RLM से एक-एक मंत्री शामिल हैं। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया।

प्रधानमंत्री मोदी पटना एयरपोर्ट से रोड शो करते हुए गांधी मैदान पहुंचे। रोड शो के दौरान जगह-जगह उनका भव्य स्वागत किया गया और फूलों की बारिश की गई। राजधानी पटना पूरी तरह भगवामय नजर आई। शहर के प्रमुख चौराहों और सड़कों पर बड़े-बड़े पोस्टर लगाए गए। शपथ ग्रहण समारोह के मंच पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई, हालांकि सरकारी सर्कुलर के अनुसार पहले राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ प्रस्तावित था।

पहले चरण में निशांत कुमार, श्रवण कुमार, विजय सिन्हा, लेसी सिंह और दिलीप जायसवाल ने मंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद रामकृपाल यादव, अशोक चौधरी, दमोदर रावत, नीतीश मिश्रा और संजय सिंह समेत कई नेताओं ने मंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इस कैबिनेट विस्तार में कई नए चेहरों को भी मौका मिला है। बीजेपी की ओर से मिथिलेश तिवारी, रामचंद्र पासवान, अरुण शंकर प्रसाद, नंद किशोर राम और इंजीनियर शैलेंद्र को मंत्री बनाया गया है। वहीं जेडीयू ने निशांत कुमार, बुलो मंडल और श्वेता गुप्ता जैसे नए चेहरों पर भरोसा जताया है।
सम्राट सरकार के मंत्रिमंडल का जातीय समीकरण भी चर्चा में है। कैबिनेट में EBC वर्ग से 10, OBC से 6, दलित समुदाय से 7, सवर्ण समाज से 9 और मुस्लिम समुदाय से 1 मंत्री को प्रतिनिधित्व दिया गया है। वहीं महिला प्रतिनिधित्व की बात करें तो कुल 5 महिला मंत्री शामिल की गई हैं, जिनमें सबसे अधिक 3 मंत्री जेडीयू कोटे से हैं। गांधी मैदान में इस आयोजन के लिए तीन बड़े स्टेज बनाए गए हैं। प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जबकि बीजेपी कार्यालय के बाहर “हरे राम-हरे कृष्ण” भजन-कीर्तन से कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।