NEWS PR डेस्क: पटना , 08 मई। बिहार सरकार में उद्योग मंत्री बनाए जाने के बाद सुश्री श्रेयसी सिंह ने शुक्रवार को उद्योग विभाग का औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। उद्योग विभाग पहुंचने पर विभाग के सचिव श्री कुंदन कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
पदभार ग्रहण करने के बाद उद्योग विभाग की ओर से प्रस्तुतीकरण (PPT) के माध्यम से मंत्री को विभाग की विभिन्न योजनाओं, चल रही गतिविधियों और अब तक की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रस्तुतीकरण में राज्य में औद्योगिक विकास, निवेश प्रोत्साहन, औद्योगिक आधारभूत संरचना और निवेशकों को दी जा रही सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

इस मौके पर उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार में उद्योग मंत्री के रूप में कार्य करने का अवसर उनके लिए गर्व और बड़ी जिम्मेदारी दोनों है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बिहार को औद्योगिक रूप से मजबूत बनाने और निवेशकों के लिए अनुकूल एवं पारदर्शी माहौल तैयार करने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि रोजगार सृजन, निवेश आकर्षित करने और औद्योगिक विकास को गति देने के उद्देश्य से उद्योग विभाग पूरी प्रतिबद्धता और पारदर्शिता के साथ कार्य करेगा। साथ ही विभागीय कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाते हुए उद्योगों को त्वरित और सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने को प्राथमिकता दी जाएगी।