भागलपुर में गंगा नदी के बीच एक बार फिर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यात्रियों से भरी नाव अचानक बीच धारा में खराब हो गई, जिसके बाद नाव पर सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि तकनीकी खराबी के कारण दो बड़ी नावों का इंजन अचानक बंद हो गया।

नाव पर करीब 75 यात्री सवार
जानकारी के अनुसार नाव महादेवपुर गंगा घाट से बरारी गंगा घाट की ओर आ रही थी। नाव पर करीब 75 यात्री सवार थे, जबकि 13 मोटरसाइकिल भी लोड थीं। बीच गंगा में नाव बंद होते ही यात्रियों में दहशत फैल गई और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर घबरा उठे।घटना की सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित किनारे पहुंचा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

जब गंगा नदी के बीच नाव तकनीकी खराबी का शिकार हुई
बताया जा रहा है कि तीन दिनों के भीतर यह तीसरी घटना है जब गंगा नदी के बीच नाव तकनीकी खराबी का शिकार हुई है। विक्रमशिला सेतु का स्लैब टूटने के बाद भागलपुर और नवगछिया के बीच आवागमन के लिए नाव ही लोगों का मुख्य सहारा बनी हुई है। ऐसे में लगातार सामने आ रही घटनाओं ने प्रशासनिक व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट