भागलपुर में गंगा नदी के बीच फंसी यात्रियों से भरी नाव, SDRF ने किया रेस्क्यू

गंगा के बीच फंसी नाव, SDRF की तत्परता से टला बड़ा हादसा

Rashmi Tiwari

भागलपुर में गंगा नदी के बीच उस समय अफरा-तफरी मच गई जब यात्रियों से भरी एक नाव बीच धारा में अचानक खराब हो गई। नाव बरारी गंगा घाट से महादेवपुर गंगा घाट की ओर जा रही थी। इसी दौरान बीच नदी में नाव का इंजन बंद हो गया, जिससे नाव धारा के बीचों-बीच फंस गई।


नाव में सवार थे 100 से ज्यादा यात्री
जानकारी के अनुसार, नाव पर करीब 100 से अधिक लोग सवार थे। इनमें महिलाएं, बच्चे और मरीज भी शामिल थे।नाव के बीच नदी में रुकते ही यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। लोग घबराकर मदद की गुहार लगाने लगे।घटना की सूचना मिलते ही SDRF की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।SDRF जवानों ने काफी मशक्कत के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित किनारे तक पहुंचाया। समय रहते किए गए रेस्क्यू के कारण बड़ा हादसा टल गया।


यात्रियों में दिखा डर का माहौल
नाव पर सवार लोगों ने बताया कि अचानक इंजन बंद होने से सभी लोग घबरा गए थे। खासकर मरीजों, महिलाओं और बच्चों के परिजन काफी डरे हुए थे।यात्रियों ने कहा कि बीच नदी में नाव रुकने के बाद कुछ देर के लिए हालात बेहद भयावह हो गए थे।राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। प्रशासन अब यह जांच कर रहा है कि नाव का इंजन किस वजह से बंद हुआ और सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट

Share This Article