हर बेटी के पिता को हथियार का लाइसेंस मिले — पप्पू यादव का सरकार पर हमला

बेटियों की सुरक्षा को लेकर पप्पू यादव का सरकार पर बड़ा हमला

Rashmi Tiwari

बिहार की राजधानी पटना के रूपसपुर स्थित होटल हाईडेन विला में परीक्षा देने आई एक छात्रा के साथ छेड़खानी और दुष्कर्म के प्रयास की घटना ने अब बड़ा राजनीतिक रूप ले लिया है। इस मामले को लेकर पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने बिहार सरकार और राज्य की कानून-व्यवस्था पर तीखा हमला बोला है।


पप्पू यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए कहा कि अगर सरकार बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सक्षम नहीं है, तो राज्य की हर बेटी के पिता को आत्मरक्षा के लिए हथियार का लाइसेंस दे देना चाहिए। उन्होंने होटल हाईडेन विला में हुई घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।


अपने पोस्ट में पप्पू यादव ने लिखा, पटना के होटल हाईडेन विला में एक बेटी के साथ दुष्कर्म का प्रयास हुआ, उस होटल को ध्वस्त कर उसके संचालक को तत्काल गिरफ्तार किया जाए।” उन्होंने उत्तर प्रदेश की तर्ज पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि दोषियों को कठोरतम सजा मिलनी चाहिए।
दरअसल, यह मामला तब सामने आया जब बेगूसराय का एक व्यक्ति अपनी बेटी को पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षा दिलाने पटना लेकर आया था। पिता-पुत्री रूपसपुर इलाके के होटल हाईडेन विला में ठहरे हुए थे। आरोप है कि देर रात होटल का एक कर्मचारी कमरे में घुस गया और छात्रा को जबरन खींचने लगा। छात्रा के पिता की नींद खुलते ही आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद छात्रा के पिता ने रूपसपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक होटल कर्मी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि होटल मैनेजर समेत दो अन्य आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

Share This Article