गया के लाल शोएब खान का भव्य सम्मान, बोले-बिहार में टैलेंट की कमी नहीं

गया के शोएब खान का सम्मान, बोले— बिहार का टैलेंट दुनिया में नाम रोशन करेगा

Rashmi Tiwari
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

गया जिले के नक्सल प्रभावित इमामगंज क्षेत्र के कोठी गांव निवासी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर शोएब खान का बोधगया स्थित एक निजी स्कूल में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान छात्रों, शिक्षकों और खेल प्रेमियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। स्कूल प्रबंधन ने उन्हें सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। हाल ही में यूएई टीम की ओर से T20 वर्ल्ड कप में खेलने वाले शोएब खान इन दिनों अपने गांव कोठी पहुंचे हुए हैं। टूर्नामेंट में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो अर्धशतक भी लगाए थे, जिसके बाद बिहार में उनके सम्मान का सिलसिला जारी है।

सम्मान समारोह के दौरान शोएब खान ने बिहार के युवा क्रिकेटरों की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि बिहार के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के पास “अमेजिंग टैलेंट” है और यह पूरे बिहार के लिए गर्व की बात है कि इतनी कम उम्र में वह भारत का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम की ओर से भी उन्हें बेहतरीन मार्गदर्शन मिल रहा है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

वह मुंबई इंडियंस की ओर से खेलना पसंद करेंगे

अपने पसंदीदा खिलाड़ियों के बारे में बात करते हुए शोएब खान ने कहा कि महेंद्र सिंह धोनी उनके आदर्श हैं और वह उनके अनुशासन को फॉलो करते हैं। वहीं विराट कोहली को भी उन्होंने प्रेरणास्रोत बताया, जबकि बल्लेबाजी में रोहित शर्मा उनकी पहली पसंद हैं। आईपीएल को लेकर शोएब खान ने कहा कि अगर उन्हें मौका मिलता है तो वह मुंबई इंडियंस की ओर से खेलना पसंद करेंगे। भारत और यूएई के बीच संभावित मुकाबले को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा, “यूएई मेरी कर्मभूमि है, इसलिए मैदान पर मैं वहां के लिए अपना सौ प्रतिशत दूंगा, लेकिन भारत और बिहार हमेशा मेरे दिल में रहेंगे।”

कार्यक्रम के दौरान बिहार के युवा खिलाड़ियों वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन को भी सम्मानित किया गया। शोएब खान ने कहा कि बिहार में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ सही मंच और सरकारी सहयोग की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यदि बिहार सरकार उन्हें और राज्य के खिलाड़ियों को समर्थन दे, तो आने वाले समय में बिहार का नाम आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में और अधिक चमकेगा। गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article