नवगछिया पुलिस का एक्शन, ज्वेलरी दुकान चोरी मामले में दो गिरफ्तार

चोरी की वारदात के बाद सक्रिय हुई पुलिस, आरोपियों से बरामद हुआ पूरा माल

Rashmi Tiwari

नवगछिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए चांदी के आभूषण, नकद राशि और वारदात में इस्तेमाल किए गए सामान को बरामद कर लिया है। इस कार्रवाई से स्थानीय व्यवसायियों और आम लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।


ज्वेलरी दुकान का ताला तोड़कर की गई थी चोरी
नवगछिया के एसडीपीओ Aniket Amar ने प्रेस वार्ता में बताया कि 1 जून को मधुरापुर निवासी ज्वेलरी व्यवसायी Vipin Kumar ने भवानीपुर थाना में आवेदन देकर दुकान का ताला तोड़कर चोरी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी।शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी।
एसआईटी के गठन के बाद तेज हुई जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।


दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मधुरापुर निवासी छोटू साह और सतियारा निवासी नंदू कुमार के रूप में हुई है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए चांदी के आभूषण, 9 हजार रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का भाला, लकड़ी का दराज और दुकान का टूटा हुआ ताला बरामद कर लिया।
अपराधियों पर सख्त नजर: एसडीपीओ
एसडीपीओ अनिकेत अमर ने कहा कि नवगछिया पुलिस अपराध नियंत्रण और अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि किसी भी आपराधिक घटना की सूचना मिलने पर पुलिस त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को कानून के दायरे में लाने का काम करती है।
पुलिस की कार्रवाई की हो रही सराहना
चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा होने से स्थानीय व्यवसायियों और आम लोगों में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है। लोगों ने पुलिस टीम की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे अपराध नियंत्रण की दिशा में अहम कदम बताया है। भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट

Share This Article