एमएलसी उम्मीदवार पवन सिंह पहुंचे जगदीशपुर, भीड़ नियंत्रण में जुटी पुलिस

वीर कुंवर सिंह को किया नमन, गूंजे राजनीतिक नारे; भीड़ के चलते मीडिया और सुरक्षा कर्मियों को करनी पड़ी मशक्कत।

Rashmi Tiwari

भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार और हाल ही में एमएलसी उम्मीदवार बनाए गए पवन सिंह का सोमवार को जगदीशपुर में भव्य स्वागत हुआ। एमएलसी का टिकट मिलने के बाद पहली बार जगदीशपुर पहुंचे पवन सिंह ने वीर शिरोमणि बाबू वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और नमन किया। उनके आगमन की खबर मिलते ही वीर कुंवर सिंह किला परिसर में समर्थकों और प्रशंसकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई थी।


समर्थकों का उत्साह चरम पर
पवन सिंह की एक झलक पाने के लिए हजारों समर्थक किला परिसर में जुटे थे। इस दौरान समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए पूरे परिसर को राजनीतिक और सामाजिक उत्साह से भर दिया। समर्थकों के बीच लगातार यह नारा गूंजता रहा— “आरा का सांसद कैसा हो, पवन सिंह जैसा हो।”


वीर कुंवर सिंह का चित्र किया गया भेंट
कार्यक्रम के दौरान पवन सिंह को वीर कुंवर सिंह का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया। उन्होंने भी बाबू वीर कुंवर सिंह के योगदान को याद करते हुए उनके प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।इस अवसर पर छात्र नेता एवं भोजपुरी के चर्चित एंकर रितिक रोशन, पवन सिंह के करीबी सहयोगी अविनाश सिंह, भाजपा नेत्री संध्या सिंह, भाजपा नेता मिथलेश कुशवाहा, आदित्य जी, विनय मिश्रा, माधव केसरी, पूर्व नगर पंचायत उपाध्यक्ष अर्जुन प्रसाद, संजय पासवान समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।


भीड़ के बीच मीडिया को हुई परेशानी
कार्यक्रम के दौरान मीडिया कर्मियों ने पवन सिंह से बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन समर्थकों की भारी भीड़ के कारण स्थिति काफी अव्यवस्थित हो गई। भीड़ को नियंत्रित करने के प्रयास में सुरक्षा कर्मियों और बाउंसरों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।इस दौरान धक्का-मुक्की की स्थिति भी उत्पन्न हो गई, जिसमें कुछ मीडिया कर्मियों और दर्शकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि बाद में पुलिस और सुरक्षा बलों ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
राजनीतिक संकेतों पर बढ़ी चर्चा
जगदीशपुर में पवन सिंह के स्वागत और समर्थकों की भारी मौजूदगी ने एक बार फिर उनकी राजनीतिक लोकप्रियता को चर्चा का विषय बना दिया है। खासकर समर्थकों द्वारा लगाए गए नारों ने आने वाले समय में उनकी राजनीतिक भूमिका को लेकर चर्चाओं को और तेज कर दिया है। आरा से आकाश कुमार की रिपोर्ट

Share This Article