किसानों के लिए 24 करोड़ की बड़ी सौगात: बिहार में बनेंगे 305 भंडारण गोदाम और 400 पक्का थ्रेसिंग फ्लोर

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: पटना, 16 जून। माननीय कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि किसानों को कृषि उपज के सुरक्षित भंडारण तथा बेहतर विपणन सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (डीपीआर) के अंतर्गत किसानों के लिए भंडारण गोदाम (100 एवं 200 मीट्रिक टन क्षमता) के निर्माण तथा पक्का थ्रेसिंग फ्लोर की स्थापना की महत्वाकांक्षी योजना संचालित की जाएगी। इस योजना के लिए कुल 24 करोड़ रुपये की निकासी एवं व्यय की स्वीकृति का प्रस्ताव है, जिसमें केंद्रांश 14.40 करोड़ रुपये तथा राज्यांश 9.60 करोड़ रुपये शामिल हैं।

माननीय मंत्री ने कहा कि गोदाम निर्माण योजना का मुख्य उद्देश्य कृषि आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देना तथा किसानों को उनकी उपज के लिए बेहतर विपणन सहायता उपलब्ध कराना है। अक्सर किसानों को फसल कटाई के तुरंत बाद कम कीमत पर अपनी उपज बेचनी पड़ती है। गोदाम निर्माण से किसान अपनी उपज को सुरक्षित रूप से संग्रहित कर सकेंगे तथा बाजार में अनुकूल मूल्य मिलने पर उसे बेचकर अधिक लाभ अर्जित कर सकेंगे। इससे किसानों की आय में वृद्धि होगी तथा कृषि क्षेत्र में आर्थिक सशक्तीकरण को बल मिलेगा।

उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत बिहार राज्य भंडार निगम, पटना द्वारा 100 एवं 200 मीट्रिक टन क्षमता वाले गोदामों का तकनीकी अनुमोदन प्रदान किया गया है। 100 मीट्रिक टन क्षमता वाले गोदाम के निर्माण की स्वीकृत लागत 14.191 लाख रुपये तथा 200 मीट्रिक टन क्षमता वाले गोदाम की स्वीकृत लागत 20.249 लाख रुपये निर्धारित की गई है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

माननीय मंत्री ने कहा कि किसानों की उपज की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए पक्का थ्रेसिंग फ्लोर का निर्माण भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह योजना किसानों को फसल सुखाने के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं विश्वसनीय स्थान उपलब्ध कराएगी। इससे फसल की गुणवत्ता में सुधार होगा, कटाई उपरांत होने वाले नुकसान में कमी आएगी तथा किसानों को अपनी उपज का बेहतर बाजार मूल्य प्राप्त होगा। संयुक्त निदेशक (कृषि अभियंत्रण)-सह-राज्य नोडल पदाधिकारी (यांत्रिकीकरण), कृषि निदेशालय, बिहार द्वारा पक्का थ्रेसिंग फ्लोर का तकनीकी अनुमोदन प्रदान किया गया है, जिसकी स्वीकृत लागत 1.292 लाख रुपये प्रति इकाई है।

उन्होंने बताया कि योजना का कार्यान्वयन राज्य के सभी जिलों में किया जाएगा। योजना के तहत 88 इकाई 100 मीट्रिक टन क्षमता वाले गोदाम, 217 इकाई 200 मीट्रिक टन क्षमता वाले गोदाम तथा 400 पक्का थ्रेसिंग फ्लोर का निर्माण प्रस्तावित है।

मंत्री ने कहा कि यह योजना कृषि अवसंरचना के विकास के साथ-साथ रोजगार सृजन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। अनुमान है कि 88 गोदामों के निर्माण से 96,536 मानव दिवस, 217 बड़े गोदामों के निर्माण से 3,39,388 मानव दिवस तथा 400 पक्का थ्रेसिंग फ्लोर के निर्माण से 12,000 मानव दिवस रोजगार सृजित होंगे। इस प्रकार योजना के माध्यम से कुल 4,47,924 मानव दिवस रोजगार सृजित होने की संभावना है।

उन्होंने ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि उत्पादों के बेहतर प्रबंधन तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। यह योजना किसानों को आत्मनिर्भर बनाने तथा कृषि क्षेत्र को अधिक लाभकारी एवं टिकाऊ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article