NEWS PR डेस्क:मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। छपवा–बेतिया मुख्य मार्ग पर सुगौली थाना क्षेत्र के नायकाटोला के समीप तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप व सवारी से भरे ऑटो के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, ऑटो यात्रियों को लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहा था, तभी विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सीधे ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना सुगौली थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल सुगौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
चिकित्सकों के अनुसार, घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की मौत की भी मौत हो गई है । वहीं कई घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया जा रहा है।
सुगौली थाना पुलिस ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है और आरोपी पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस मृतकों की पहचान करने में जुटी है ताकि उनके परिजनों को सूचित किया जा सके।
इधर, हादसे के कारण कुछ समय के लिए मुख्य सड़क पर यातायात बाधित हो गया था, जिसे क्रेन की मदद से वाहनों को हटवाकर बहाल कर दिया गया। प्रशासन ने वाहन चालकों से यातायात नियमों और गति सीमा का पालन करने की अपील की है। मोतिहारी से संजय राउत की रिपोर्ट
