भोजपुर के चर्चित भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले की न्यायिक जांच प्रक्रिया शुरू हो गई है। गुरुवार को बिहार राज्य विधि आयोग की टीम शाहपुर प्रखंड के बिलौटी गांव पहुंची और मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी जुटाई।

जांच टीम का नेतृत्व पटना हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति विनोद कुमार सिन्हा कर रहे थे। उनके साथ शाहाबाद प्रक्षेत्र के डीआईजी सत्य प्रकाश, भोजपुर के जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया, पुलिस अधीक्षक राज समेत कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
टीम ने भरत भूषण तिवारी के परिजनों से मुलाकात कर घटना के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। इस दौरान परिजनों को अपना पक्ष लिखित रूप में आयोग के समक्ष प्रस्तुत करने का आग्रह किया गया।
मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए न्यायमूर्ति विनोद कुमार सिन्हा ने कहा कि यह जांच के सिलसिले में टीम की पहली यात्रा है। गौरतलब है कि भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामला भोजपुर जिले में काफी चर्चा का विषय बना हुआ है। न्यायिक जांच शुरू होने से मामले के विभिन्न पहलुओं पर से पर्दा उठने और सच्चाई सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है।
आरा से आकाश कुमार की रिपोर्ट
