पटना शहरी क्षेत्र में बढ़ते यातायात/जाम की समस्या के प्रभावी समाधान तथा वाहनों के सुगम एवं सुरक्षित परिचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नीतीश मिश्रा, माननीय मंत्री, नगर विकास एवं आवास विभाग की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई।बैठक में पटना मेट्रो रेल परियोजना के अंतर्गत विद्युत भवन से रुकनपुरा के बीच प्रस्तावित अंडरग्राउंड मेट्रो टनल निर्माण के दौरान बेली रोड पर संभावित यातायात व्यावधानों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान यातायात को निर्बाध बनाए रखने एवं आम नागरिकों को असुविधा न हो, इसके लिए विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों तथा पटना के माननीय जनप्रतिनिधियों से सुझाव प्राप्त किए गए। मंत्री नीतीश मिश्रा, ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मेट्रो निर्माण कार्य के साथ-साथ यातायात व्यवस्था भी समान रूप से सुचारु बनी रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा निर्माण कार्य के दौरान वैकल्पिक यातायात व्यवस्था, प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन एवं सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए।बैठक में प्राप्त सुझावों के आलोक में पटना मेट्रो रेल परियोजना की कार्यकारी एजेंसी दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) के पदाधिकारियों को संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर विस्तृत सर्वेक्षण करते हुये 15 दिनों के अन्दर समग्र कार्ययोजना प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया। बैठक में विधायक श्याम रजक, रत्नेश कुमार, संजीव चौरसिया एवं संजय कुमार, विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, पटना नगर निगम की महापौर एवं उपमहापौर सहित परिवहन विभाग, पथ निर्माण विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग, पुलिस महानिरीक्षक तथा अन्य संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
