NEWS PR DESK:पश्चिम चंपारण में उद्योगों को बढ़ावा देने और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उद्योग संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 100 से अधिक उद्यमियों ने भाग लिया और उद्योग संचालन में आ रही चुनौतियों से प्रशासन को अवगत कराया।

संवाद के दौरान उद्यमियों ने सबसे प्रमुख समस्या के रूप में बिजली आपूर्ति में अनियमितता का मुद्दा उठाया। उनका कहना था कि बार-बार बिजली बाधित होने और तकनीकी खामियों के कारण उत्पादन प्रभावित हो रहा है, जिससे उद्योगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।इसके अलावा उद्यमियों ने वाटर ड्रेनेज की अपर्याप्त व्यवस्था, भूमि से जुड़े मामलों में आ रही दिक्कतों तथा विभिन्न विभागों से आवश्यक अनुमतियां (क्लियरेंस) मिलने में हो रही देरी की समस्याएं भी जिला प्रशासन के समक्ष रखीं।
सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना
जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए उनके त्वरित समाधान की प्रक्रिया शुरू करने को कहा। उन्होंने कहा कि जिले के औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन में उद्यमियों की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए प्रशासन उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
सीधा संवाद स्थापित कर समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना
डीएम ने कहा कि उद्योग संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य उद्यमियों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित कर समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बैठक में प्राप्त सुझावों और शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण किया जाएगा तथा आवश्यकतानुसार उन्हें योजनाओं और प्रशासनिक कार्यप्रणाली में शामिल किया जाएगा, ताकि जिले में उद्योगों के लिए बेहतर वातावरण तैयार हो सके।।पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट
