NEWS PR डेस्क:भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज में 44वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने बिहार पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए 75.3 किलोग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई कार्यक्षेत्र “सी” समवाय पचरौता के अंतर्गत पचरौता तीन मोहानी ब्रिज के समीप मंगलवार देर रात करीब 2:20 बजे की गई। एसएसबी और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर इलाके में नाकाबंदी कर कार्रवाई को अंजाम दिया।
नेपाल से गांजा लेकर आ रहा था तस्कर
एसएसबी के निरीक्षक (सामान्य) जयप्रकाश के नेतृत्व में संयुक्त रात्रि गश्ती के दौरान अंतरराष्ट्रीय सीमा स्तंभ संख्या-429 से करीब 2.7 किलोमीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान नेपाल की ओर से सिर पर बोरी लेकर आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को जवानों ने रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान बोरी से 75.3 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया। इसके बाद मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में तस्करी की बात कबूली
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रविन्द्र यादव (39 वर्ष), पिता कन्हैया यादव, निवासी खैरवा टोला, पोस्ट दमरपुर, थाना मानपुर, जिला पश्चिम चंपारण के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नेपाल से गांजा लाकर भारत में बेचने की योजना बना रहा था। उसने बताया कि अवैध कारोबार के जरिए अधिक कमाई करने के उद्देश्य से वह तस्करी में शामिल था।
लाखों रुपये आंकी गई कीमत, पुलिस को सौंपा गया आरोपी
बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। एसएसबी ने जब्त गांजा और गिरफ्तार तस्कर को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भंगाहा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। सीमा क्षेत्र में निगरानी और गश्ती को और मजबूत किया जा रहा है।पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट
