NEWS PR डेस्क: पटना, 9 जुलाई। बिहार की महत्वाकांक्षी पटना रिंग रोड परियोजना को तेजी से पूरा करने की दिशा में राज्य सरकार सक्रिय है। इसी क्रम में बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र ने गुरुवार को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा निर्माणाधीन शेरपुर–दीघवारा परियोजना का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता, सुरक्षा और तकनीकी मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता किए बिना परियोजना को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान एनएचएआई के क्षेत्रीय अधिकारी आर. वेंकटेश्वरलु ने मंत्री को परियोजना की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य तय कार्ययोजना के अनुरूप तेजी से आगे बढ़ रहा है और प्रत्येक चरण में गुणवत्ता, सुरक्षा तथा निर्धारित तकनीकी मानकों का विशेष रूप से पालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए सभी संबंधित एजेंसियों के बीच लगातार समन्वय स्थापित किया गया है।
निर्माण एजेंसी और परामर्शदाता संस्था ने भी भरोसा दिलाया कि परियोजना को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाएगा।
मंत्री ने दिए नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश
समीक्षा के दौरान पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र ने परियोजना की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्माण कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और गुणवत्ता, सुरक्षा एवं तकनीकी मानकों का पूर्ण पालन करते हुए परियोजना को तय समयसीमा के भीतर पूरा करें।
14.52 किलोमीटर की परियोजना, 9.678 किलोमीटर लंबा छह-लेन गंगा पुल
शेरपुर–दीघवारा परियोजना 14.52 किलोमीटर लंबी है और यह पटना रिंग रोड (NH-131G) का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस परियोजना के तहत गंगा नदी पर लगभग 9.678 किलोमीटर लंबा छह-लेन पुल बनाया जा रहा है। इसके अलावा वायाडक्ट, रेलवे ओवरब्रिज (ROB), रैंप, अंडरपास, सर्विस रोड और अन्य आधुनिक सड़क अवसंरचना का भी निर्माण किया जा रहा है।
30 किलोमीटर कम होगी दूरी, पटना शहर पर घटेगा ट्रैफिक दबाव
परियोजना पूरी होने के बाद शेरपुर और दीघवारा के बीच की दूरी लगभग 30 किलोमीटर कम हो जाएगी। इसके साथ ही छपरा, सिवान, गोपालगंज और हाजीपुर की ओर आने-जाने वाले वाहनों को पटना शहर में प्रवेश किए बिना बेहतर और तेज आवागमन की सुविधा मिलेगी। इससे राजधानी पटना में ट्रैफिक का दबाव भी काफी हद तक कम होने की उम्मीद है।
क्षेत्रीय विकास को मिलेगा नया आयाम
एनएचएआई ने कहा कि वह गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और समयबद्ध राष्ट्रीय राजमार्ग अवसंरचना के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। शेरपुर–दीघवारा परियोजना के पूरा होने के बाद न केवल पटना रिंग रोड को नई गति मिलेगी, बल्कि क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी और बिहार के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी महत्वपूर्ण बढ़ावा मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान एनएचएआई के परियोजना निदेशक राजू कुमार, उप महाप्रबंधक विनीत कुमार बगेरिया, एनएचएआई के अन्य अधिकारी, निर्माण एजेंसी के वरिष्ठ अधिकारी तथा परामर्शदाता संस्था के टीम लीडर सहित कई प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
