Bihar Weather Update: 4 जिलों में अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट, अगले 4 दिन मानसून रहेगा सक्रिय

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: पटना: बिहार में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। उत्तर-पश्चिम बिहार से मणिपुर तक विकसित हुए कम दबाव के क्षेत्र का असर अब पूरे राज्य में देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों तक बिहार के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा। खासकर उत्तर बिहार में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, मेघ गर्जन और वज्रपात की आशंका को देखते हुए कई जिलों के लिए चेतावनी जारी की गई है।


इन जिलों में अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने दरभंगा, कटिहार, पूर्णिया और सुपौल में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा अररिया, बांका, भागलपुर, जमुई, किशनगंज, मधेपुरा, मधुबनी और सहरसा में भारी बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना जताई गई है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की गई है।
पटना समेत अधिकांश जिलों में आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार मंगलवार को राजधानी पटना सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवा, मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना है। पिछले 24 घंटों में बिहार के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 169.8 मिमी वर्षा पश्चिम चंपारण के मैनाटांड़ में रिकॉर्ड की गई। वहीं राजधानी पटना में 6.9 मिमी बारिश हुई।
प्रमुख शहरों में हुई बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान बिहार के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सारण के अमनौर में 109.1 मिमी, पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज में 106.2 मिमी, सिवान के दरौली में 105.4 मिमी, पश्चिम चंपारण के चनपटिया में 102.6 मिमी, सिवान के बरहरिया में 97.2 मिमी, सिवान में 93.2 मिमी दर्ज की गई। गोपालगंज में 88.22 मिमी, मधेपुरा के कुमारखंड में 78.6 मिमी, अररिया के सिकटी में 77.4 मिमी, सिवान के रघुनाथपुर में 76.6 मिमी, किशनगंज के तैयबपुर में 75.8 मिमी दर्ज की गई। किशनगंज के चरघरिया में 73 मिमी, सारण के मसरख में 68.4 मिमी, गोपालगंज के भोरे में 64.8 मिमी, पश्चिम चंपारण के त्रिवेणी में 60.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
तापमान में आएगी 2 से 4 डिग्री की गिरावट
बारिश की गतिविधियां बढ़ने के साथ राज्य के कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पटना का अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि भभुआ में सबसे अधिक 37.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और गिर सकता है। राजधानी पटना में सोमवार को अधिकतम 44 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चली। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। मेघ गर्जन और वज्रपात के समय सुरक्षित स्थान पर शरण लें तथा प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें।

Share This Article