NEWS PR डेस्क:भागलपुर शहर के गौशाला प्रांगण में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरे परिसर में धुआं फैल गया। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस अगलगी की घटना में किसी तरह की जान-माल की क्षति नहीं हुई।

तेजी से फैली आग, लोगों में मची दहशत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की लपटें काफी ऊंची उठ रही थीं। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की भयावहता इतनी ज्यादा थी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया।इसके बाद तुरंत अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी गई।
चार दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की चार दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।समय रहते दमकल विभाग की कार्रवाई से आग को आसपास के इलाकों में फैलने से रोक लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।
आग लगने के कारणों का नहीं चला पता
स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले भी छोटी-मोटी आग की घटनाएं हुई हैं, लेकिन इस बार आग की लपटें काफी विकराल थीं। लोगों का कहना है कि अगर दमकल की गाड़ियां समय पर नहीं पहुंचतीं तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटा है और आग लगने की वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रशासन ने की संयम बरतने की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और जांच रिपोर्ट आने तक संयम बनाए रखें। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट
