समस्तीपुर में 12वीं की छात्रा की हत्या के बाद उबाल, आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: समस्तीपुर, 20 जुलाई। जिले के वैनी थाना क्षेत्र में 12वीं की छात्रा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई है। हमलावरों ने छात्रा पर ताबड़तोड़ चार गोलियां दागीं, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

इस घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। घटना के विरोध में परिजनों और स्थानीय लोगों ने ताजपुर–पुसा मुख्य मार्ग को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर और बांस-बल्ले लगाकर यातायात पूरी तरह बाधित कर दिया तथा पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि जब तक हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। लोगों ने दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।

मृतका की पहचान वैनी थाना क्षेत्र के कैजिया गांव निवासी उमेश कुमार ठाकुर की 19 वर्षीय पुत्री सुमन कुमारी के रूप में हुई है। वह कस्तूरबा बालिका उच्च विद्यालय, वैनी में इंटर (12वीं) की छात्रा थी।

परिजनों के अनुसार, एक युवक काफी समय से उस पर शादी करने का दबाव बना रहा था। आरोप है कि घटना से एक दिन पहले उसने फोन कर जान से मारने की धमकी भी दी थी कि “मुझसे शादी करो, नहीं तो जान से मार दूंगा।” इसके बाद सोमवार सुबह स्कूल जाते समय तीन युवकों ने उसे रास्ते में घेर लिया और गोली मार दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए समस्तीपुर के पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन कर त्वरित कार्रवाई करने को कहा।

इससे पहले सदर-1 के एएसपी संजय पांडे ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर संदिग्ध आरोपियों की पहचान कर ली गई है। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

Share This Article