गया के मगध इंटरनेशनल स्कूल में सीपीआर प्रशिक्षण, 300 से अधिक प्रतिभागियों ने सीखी जीवनरक्षक तकनीक

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:गया। रोटरी क्लब ऑफ गया युवा के नेतृत्व में रोटरी क्लब ऑफ बोधगया रीजेंसी एवं रोटरी क्लब ऑफ गया सिटी के संयुक्त सहयोग से टेकारी स्थित मगध इंटरनेशनल स्कूल में सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को आपातकालीन परिस्थितियों में जीवनरक्षक तकनीकों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में लगभग 200 विद्यार्थियों के साथ 100 अभिभावकों एवं शिक्षकों ने भाग लिया। प्रशिक्षण मेदांता अस्पताल, पटना के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राकेश कुमार ने दिया। उन्होंने हृदयाघात जैसी आपातकालीन स्थिति में सीपीआर के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी और प्रतिभागियों को प्रायोगिक (हैंड्स-ऑन) प्रशिक्षण भी कराया। इस दौरान सभी प्रतिभागियों ने स्वयं सीपीआर का अभ्यास कर जीवन बचाने की महत्वपूर्ण तकनीक सीखी।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में मगध इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक सुधीर कुमार एवं प्राचार्य रवि कुमार का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ गया युवा की अध्यक्ष रोटेरियन स्मिता पोद्दार, सचिव रोटेरियन डॉ. सुरभि कुमारी, एजी रोटेरियन अर्चना गोयनका, रोटेरियन सुनीना पोद्दार, कमलेश पोद्दार, रश्मि सिंह, पंकज सिंह, प्रभात कुमार एवं अनुराग पोद्दार उपस्थित रहे।
वहीं रोटरी क्लब ऑफ गया सिटी की ओर से रोटेरियन डॉ. रतन कुमार एवं सचिव रोटेरियन अभिषेक अग्रवाल तथा रोटरी क्लब ऑफ बोधगया रीजेंसी की ओर से रोटेरियन नवल किशोर शर्मा ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर आयोजन की गरिमा बढ़ाई।
आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ आम लोगों को आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन बचाने के लिए सक्षम बनाते हैं। यह पहल रोटरी के “Service Above Self” के उद्देश्य को भी सार्थक रूप से आगे बढ़ाती है। गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट

Share This Article