LNJP अस्पताल में 400 बेड वाले अत्याधुनिक ऑर्थोपेडिक सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक का उद्घाटन, बिहार को मिलेगी विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधा

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 25 जुलाई। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को राजधानी पटना के राजवंशी नगर स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण (एलएनजेपी) अस्पताल परिसर में नवनिर्मित 400 बेड क्षमता वाले ऑर्थोपेडिक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के नए भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने अस्पताल का निरीक्षण किया, विभिन्न विभागों में उपलब्ध आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया तथा भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनके इलाज की जानकारी भी प्राप्त की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य बिहार के लोगों को अपने ही राज्य में विश्वस्तरीय एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इस नए सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के शुरू होने से अब गंभीर ऑर्थोपेडिक बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

अस्पताल की प्रमुख विशेषताएं

नवनिर्मित अस्पताल में अत्याधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, आधुनिक आईसीयू, स्पोर्ट्स इंजरी सेंटर, ट्रॉमा एवं इमरजेंसी सेवाएं, उन्नत रेडियोलॉजी विभाग, आधुनिक फिजियोथेरेपी यूनिट, ओपीडी, प्लास्टर कक्ष, माइनर ओटी, एमआरआई, एक्स-रे सहित सभी आवश्यक आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराई गई हैं।

अस्पताल की सबसे बड़ी खासियत यह है कि जांच, उपचार और पुनर्वास की सभी सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी। इससे मरीजों को बेहतर, त्वरित और समयबद्ध इलाज मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि एलएनजेपी अस्पताल में यह सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती देगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लगातार स्वास्थ्य क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को सशक्त बनाने के लिए कार्य कर रही है, ताकि प्रदेशवासियों को उच्चस्तरीय चिकित्सा सेवाएं अपने राज्य में ही उपलब्ध हो सकें।

उद्घाटन समारोह में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, सांसद रविशंकर प्रसाद, विधायक संजीव चौरसिया, विधान पार्षद नवल किशोर यादव, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, स्वास्थ्य विभाग के सचिव रवि सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक एवं अस्पताल के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share This Article