जमुई में EOU का बड़ा एक्शन: गुड्डू यादव के 25 ठिकानों पर छापा, 34 लाख कैश और हथियार बरामद

Rashmi Tiwari
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: जमुई: आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने STF के सहयोग से संगठित अपराध और कथित अवैध संपत्ति के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ईओयू की टीम ने मंगलवार को जमुई जिला परिषद अध्यक्ष दुलारी देवी के पति गुड्डू यादव समेत उनसे जुड़े 25 ठिकानों पर छापेमारी की।

दिनभर चली इस कार्रवाई में एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, 79 राउंड राइफल की गोलियां और 34 लाख 19 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा जमीन से जुड़े दस्तावेज, बैंक रिकॉर्ड और कई सरकारी अभिलेख भी जांच टीम के हाथ लगे हैं। ईओयू ने मंगलवार रात करीब 8 बजे प्रेस रिलीज जारी कर कार्रवाई की जानकारी दी। हालांकि, रात 8 बजे के बाद भी कई स्थानों पर छापेमारी जारी रहने की बात सामने आई।
गुड्डू यादव पर कई गंभीर आरोप
ईओयू के मुताबिक, गुड्डू यादव पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन की खरीद-बिक्री करने, राजस्व रिकॉर्ड में हेरफेर, सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा, रंगदारी, लूट, अपहरण, हत्या के प्रयास और संगठित अपराध का नेटवर्क चलाने जैसे गंभीर आरोप हैं।
जांच एजेंसी के अनुसार, गुड्डू यादव समेत 17 लोगों के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई पटना में केस संख्या 14/26 दर्ज किया गया है। ईओयू का दावा है कि साल 2000 से अब तक जमुई, लखीसराय और नवादा जिले के अलग-अलग थानों में गुड्डू यादव के खिलाफ कुल 39 आपराधिक मामले दर्ज किए जा चुके हैं।
29 संपत्तियों की जांच, करोड़ों की संपत्ति का दावा
प्रारंभिक जांच में ईओयू को गुड्डू यादव और उनकी पत्नी दुलारी देवी के नाम 29 अचल संपत्तियों की जानकारी मिली है। इन संपत्तियों का निबंधन मूल्य करीब 2.57 करोड़ रुपये बताया गया है, जबकि सरकारी सर्किल रेट के आधार पर इनकी अनुमानित कीमत करीब 7.59 करोड़ रुपये आंकी गई है।
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह से जुड़े लोगों के माध्यम से 61 दस्तावेजों के जरिए करोड़ों रुपये की संपत्तियों की खरीद-बिक्री की गई है। इसके अलावा गुड्डू यादव और उनकी पत्नी के नाम संचालित 10 बैंक खातों की जानकारी भी मिली है। इन खातों में हुए लेन-देन और आर्थिक गतिविधियों की जांच की जा रही है।
पेट्रोल पंप कार्यालय से मिली राइफल की गोलियां
कार्रवाई के दौरान सिकंदरा स्थित एक पेट्रोल पंप कार्यालय से 79 राउंड राइफल की गोलियां बरामद की गईं। वहीं, एक अन्य ठिकाने से देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस मिले हैं। हथियारों और कारतूस की बरामदगी के बाद स्थानीय थाना स्तर पर अलग से कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। छापेमारी में एक SUV, बोलेरो और एक स्कूटी भी जब्त की गई है।
पांच आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी
ईओयू की कार्रवाई में बाबूलाल यादव, भूषण यादव, विपिन यादव, प्रमोद यादव और राकेश उर्फ सोनू यादव को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके आर्थिक लेन-देन, संपत्ति और कथित आपराधिक नेटवर्क से जुड़े मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है।
सरकारी दस्तावेज मिलने से जांच एजेंसियां हैरान
छापेमारी के दौरान एक आरोपी के घर से अंचल कार्यालय सिकंदरा के सरकारी रजिस्टर और न्यायालय से जुड़े सीलबंद लिफाफे भी बरामद किए गए हैं। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि ये सरकारी दस्तावेज वहां कैसे पहुंचे और इनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था।
आलीशान मकानों का होगा मूल्यांकन
ईओयू ने गुड्डू यादव, बाबूलाल यादव और ललन यादव के जमुई एवं सिकंदरा स्थित आलीशान मकानों का स्वतंत्र मूल्यांकन कराने का फैसला किया है। एजेंसी निर्माण में खर्च हुई राशि, आय के स्रोत और संपत्तियों के वास्तविक बाजार मूल्य का आकलन करेगी।
EOU का अभियान रहेगा जारी
आर्थिक अपराध इकाई ने कहा है कि संगठित आर्थिक अपराध, अवैध संपत्ति और अपराधियों के आर्थिक नेटवर्क के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। जांच एजेंसी के मुताबिक मामले की जांच अभी जारी है और कुछ स्थानों पर तलाशी अभियान भी चल रहा है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे और कार्रवाई की जा सकती है। EOU की इस बड़ी कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा रहा और लोगों के बीच चर्चा का माहौल बना हुआ है।जमुई से हसनैन खान की रिपोर्ट

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article