NEWS PR डेस्क : राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद दिखाई दिए। शनिवार को दीघा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक गैस रिपेयरिंग मिस्त्री की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गए।

मृतक की पहचान सुरेंद्र साव के रूप में हुई है, जो दीघा थाना क्षेत्र के 95 नंबर गेट के समीप गैस चूल्हा और अन्य घरेलू उपकरणों की रिपेयरिंग का काम करते थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुरेंद्र साव अपनी दुकान पर मौजूद थे, तभी बाइक सवार बदमाश वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही दीघा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम की भी मदद ली जा रही है।
जांच के दौरान पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में पुलिस आपसी विवाद, लेन-देन या अन्य किसी व्यक्तिगत रंजिश समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।दानापुर से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट
