आरा में 25 लाख की चोरी का बड़ा खुलासा: ज्वेलरी दुकानदार समेत पांच गिरफ्तार, सोने के 13 बिस्कुट और लाखों की नकदी बरामद

Shreya Raj
प्रेसवार्ता के दौरान बरामद नकदी, जेवरात और अन्य सामान की जानकारी देते पुलिस अधिकारी।

आरा (भोजपुर): बिहार के आरा जिले में टाउन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 25 लाख रुपये मूल्य की चोरी की वारदात का सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। मीरगंज स्थित सेवानिवृत्त बैंककर्मी सुमन कुमार सिन्हा के घर हुई चोरी के मामले में पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में एक आभूषण दुकानदार सह कारीगर भी शामिल है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लाखों रुपये की नकदी, बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, सोने के बिस्कुट तथा मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

5.24 लाख रुपये नकद, 53 प्रकार के आभूषण और 13 सोने के बिस्कुट बरामद

पुलिस की छापेमारी के दौरान आरोपितों के घरों से चोरी के जेवरात बेचकर हासिल किए गए 5.24 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा करीब 26 प्रकार के सोने और 27 प्रकार के चांदी के जेवरात, यानी कुल 53 प्रकार के आभूषण बरामद किए गए हैं। बरामद सामान में सोने के बिस्कुट के 13 टुकड़े भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपितों के पास से सात मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

ज्वेलरी दुकानदार समेत पांच आरोपी गिरफ्तार

बुधवार शाम आयोजित प्रेसवार्ता में सदर एएसपी राजकुमार साह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में टाउन थाना क्षेत्र के खेताड़ी मोहल्ला निवासी मो. आसिफ उर्फ बबुआ, जेल रोड के पीछे इस्लामनगर निवासी मो. सैफ अली उर्फ नेता, कसाब टोला निवासी मो. सहबाज आलम उर्फ बड़े, मो. बबलू उर्फ छोटे तथा रमगढ़िया मीठा कुआं निवासी आभूषण दुकानदार सह कारीगर आदर्श कुमार उर्फ आदर्श सोनी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि मो. सहबाज आलम उर्फ बड़े और मो. बबलू उर्फ छोटे सगे भाई हैं, जो इस गिरोह का हिस्सा थे।

चोरी के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ जारी है और इस चोरी में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। बरामद मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे गिरोह के नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच के बाद अन्य खुलासे भी हो सकते हैं। इस कार्रवाई को भोजपुर पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

आरा से रिपोर्टर आकाश कुमार

Share This Article