पटना: राजधानी पटना में सफर करने वाले यात्रियों और वाहन चालकों के लिए बड़ी खबर है। पटना एयरपोर्ट पर वाहन पार्किंग के नए शुल्क लागू कर दिए गए हैं। बुधवार से प्रभावी नई दरों के तहत कार, एसयूवी, ऑटो, बस और ट्रक जैसे वाहनों की पार्किंग पहले की तुलना में काफी महंगी हो गई है। कई श्रेणियों में पार्किंग शुल्क छह गुना तक बढ़ाया गया है, इसके साथ ही मेट्रो निर्माण कार्य को देखते हुए नेहरू पथ की ट्रैफिक व्यवस्था में भी बड़े बदलाव किए जा रहे हैं, जिससे आने वाले दिनों में राजधानी के यातायात का स्वरूप बदल जाएगा।
30 मिनट से 2 घंटे तक की पार्किंग पर बढ़ा शुल्क
नई पार्किंग दरों के अनुसार, सात सीट तक वाली निजी कार और एसयूवी के लिए 30 मिनट तक पार्किंग का शुल्क 20 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये कर दिया गया है, वहीं सात सीट से अधिक वाली एसयूवी, ऑटो और अन्य बड़े निजी वाहनों के लिए शुल्क 20 रुपये से बढ़ाकर 80 रुपये कर दिया गया है। बस, कोच और ट्रक जैसे बड़े वाहनों के लिए सबसे अधिक बढ़ोतरी की गई है। पहले जहां इनसे 30 रुपये पार्किंग शुल्क लिया जाता था, वहीं अब 200 रुपये देने होंगे। 30 मिनट से लेकर दो घंटे तक पार्किंग करने पर भी यात्रियों को अधिक भुगतान करना होगा। बाइक और स्कूटी के लिए शुल्क 15 रुपये तय किया गया है। सात सीट तक की कार और एसयूवी के लिए शुल्क 55 रुपये से बढ़ाकर 65 रुपये कर दिया गया है। ऑटो, मिनी बस और सात सीट से अधिक वाली एसयूवी के लिए शुल्क 60 रुपये से बढ़ाकर 80 रुपये कर दिया गया है, जबकि बस, कोच और ट्रक के लिए यह शुल्क 70 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये कर दिया गया है।
पिक एंड ड्रॉप का समय घटा, कैब पर भी लगेगा शुल्क
पटना एयरपोर्ट पर यात्रियों को छोड़ने और लेने आने वालों के लिए भी नया नियम लागू किया गया है। अब एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश से लेकर बाहर निकलने तक पिक एंड ड्रॉप के लिए केवल 9 मिनट का समय मिलेगा। इसके अलावा ओला, उबर और अन्य कैब सेवाओं से एयरपोर्ट के अराइवल या डिपार्चर क्षेत्र तक पहुंचने पर 55 रुपये शुल्क देना होगा, जिसमें जीएसटी भी शामिल रहेगा। अधिकारियों के अनुसार, एयरपोर्ट की पार्किंग व्यवस्था में करीब पांच साल बाद यह संशोधन किया गया है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि एयरपोर्ट आने से पहले नए शुल्क की जानकारी जरूर रखें, ताकि उन्हें अतिरिक्त भुगतान की स्थिति का सामना न करना पड़े।
नेहरू पथ होगा चौड़ा, बदलेगा ट्रैफिक रूट
पटना एयरपोर्ट के साथ-साथ राजधानी के प्रमुख मार्ग नेहरू पथ पर भी ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया जा रहा है। पटना मेट्रो के निर्माण कार्य के कारण कई स्थानों पर सड़क की चौड़ाई करीब 10 फीट तक कम हो गई थी, जिससे लगातार जाम की समस्या बनी हुई थी। इसे देखते हुए चिड़ियाखाना गेट नंबर-1 से विकास भवन तक सड़क चौड़ी करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। बुधवार को कई डिवाइडर हटाए गए, यू-टर्न बंद किए गए और कुछ सरकारी भवनों की चहारदीवारी हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई। अधिकारियों का कहना है कि इससे सड़क लगभग पांच फीट तक चौड़ी हो जाएगी। लक्ष्य है कि 15 अगस्त तक चौड़ीकरण का कार्य पूरा कर लिया जाए। इसके बाद नगर विकास एवं आवास विभाग, पथ निर्माण विभाग और परिवहन विभाग की सहमति से नई ट्रैफिक व्यवस्था लागू होगी। नई व्यवस्था के तहत आयकर गोलंबर से आगे नेहरू पथ पर व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी। ऑटो, ई-रिक्शा और सिटी बसों को वैकल्पिक मार्ग से चलाया जाएगा। ये वाहन अब वीरचंद पथ होते हुए हार्डिंग रोड और वहां से पीर अली पथ के रास्ते एयरपोर्ट-शेखपुरा रोड या जगदेव पथ की ओर जाएंगे। वहीं सगुना मोड़ से डाकबंगला जाने वाले व्यावसायिक वाहनों को जगदेव पथ या शेखपुरा मोड़ होकर एयरपोर्ट रोड की ओर भेजा जाएगा। प्रशासन का दावा है कि इन बदलावों से राजधानी में ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी और यात्रियों को अधिक सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।