NEWS PR डेस्क : पश्चिम चंपारण जिले के नरकटियागंज में शिकारपुर थाना क्षेत्र के मथुरा चौक पर बुधवार की सुबह चोरों ने करीब आधा दर्जन दुकानों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। चोर दुकानों का छप्पर तोड़कर नगदी, मोबाइल, दवा, तार और इलेक्ट्रिक उपकरण समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना के दौरान ग्रामीणों ने एक नाबालिग को चोरी करते रंगेहाथ पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
कई दुकानों में तोड़फोड़ कर चोरी
जानकारी के अनुसार, चोरों ने खाद व्यवसायी विजय कुमार की दुकान का छप्पर तोड़कर करीब 30 हजार रुपये नगद और दवा चोरी कर ली, वहीं अनिल-सुनील आभूषण दुकान से भी लाखों रुपये के सामान चोरी होने की बात सामने आई है। इसके अलावा जयनारायण साह के होटल से करीब 1,800 रुपये नगद चोरी किए गए। वहीं जावेद की आलू-प्याज की दुकान से मोबाइल और करीब 5 हजार रुपये नगद चोर ले गए।

इलेक्ट्रिक दुकान से तार और उपकरण चोरी
चोरों ने अमित कुमार की इलेक्ट्रिक दुकान को भी निशाना बनाया। यहां से चोर तार और अन्य इलेक्ट्रिक उपकरण लेकर फरार हो गए, वहीं पूजा मोबाइल दुकान में भी चोरी का प्रयास किया गया। घटना के दौरान ग्रामीणों ने एक नाबालिग को चोरी करते रंगेहाथ पकड़ लिया। इसके बाद उसे शिकारपुर पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
व्यवसायियों ने की पुलिस तैनाती की मांग
लगातार दुकानों में चोरी की घटना से मथुरा चौक के व्यवसायियों और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। व्यवसायियों ने इलाके में पुलिस की नियमित तैनाती करने और रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
पुलिस ने शुरू की जांच
शिकारपुर थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए एसआई सोनू कुमार को मौके पर भेजा गया है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और चोरी हुए सामान तथा आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
पश्चिम चंपारण से रिपोर्टर : मोहम्मद इम्तियाज