NEWS PR डेस्क : भोजपुरी सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री पाखी हेगड़े ने अपने और अभिनेता दिनेश लाल यादव के पुराने रिश्ते को लेकर ऐसा खुलासा किया है, जिसने एक बार फिर दोनों को सुर्खियों में ला दिया है। एक हालिया इंटरव्यू में पाखी ने माना कि दिनेश के साथ उनका रिश्ता सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं था। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि दिनेश लाल यादव ने कभी उन्हें शादी के लिए प्रपोज किया था।

दिनेश के साथ रिश्ते पर पाखी ने कही बड़ी बात
Bhojpuri Bawaal में शुभांकर मिश्रा के इंटरव्यू में पाखी हेगड़े से दिनेश लाल यादव के साथ उनके पुराने रिश्ते को लेकर सवाल किया गया। जब उनसे पूछा गया कि क्या दोनों के बीच सिर्फ प्रोफेशनल रिश्ता था, तो पाखी ने इससे इनकार किया। अभिनेत्री ने बताया कि दोनों सिर्फ दोस्त नहीं थे, बल्कि उनका रिश्ता इससे कहीं ज्यादा था। इसके बाद शादी के प्रपोजल को लेकर पूछे गए सवाल पर पाखी ने कुछ पल रुकने के बाद ‘हां’ में जवाब दिया।
पाखी के जवाब से हैरान हुईं आम्रपाली दुबे
पाखी के इस खुलासे के दौरान आम्रपाली दुबे भी मौजूद थीं। अभिनेत्री का जवाब सुनकर आम्रपाली हैरान रह गईं और उन्होंने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘सीरियसली?’ दिनेश लाल यादव और आम्रपाली दुबे की जोड़ी भोजपुरी फिल्मों की सबसे चर्चित ऑनस्क्रीन जोड़ियों में से एक रही है। ऐसे में पाखी के पुराने रिश्ते से जुड़ा यह खुलासा इंटरव्यू का खास हिस्सा बन गया।
दिनेश को सामने देखकर भावुक हुईं पाखी
इंटरव्यू में उस वक्त माहौल और भावुक हो गया, जब दिनेश लाल यादव की एंट्री हुई। दिनेश को सामने देखकर पाखी हेगड़े भावुक हो गईं और उनकी आंखों में आंसू नजर आए। दोनों ने एक-दूसरे को गले भी लगाया। इसके बाद शुभांकर मिश्रा ने दिनेश को पाखी द्वारा उनके पुराने रिश्ते और शादी के प्रपोजल को लेकर किए गए खुलासे के बारे में बताया।
प्यार के सवाल पर दिनेश ने नहीं दिया साफ जवाब
जब दिनेश लाल यादव से पूछा गया कि क्या उन्हें कभी पाखी हेगड़े से प्यार था, तो उन्होंने इस सवाल का सीधा जवाब नहीं दिया। वह कुछ देर के लिए भावुक और नर्वस नजर आए और पानी पीने लगे। इंटरव्यू में दोनों के बीच दिखा यह भावुक पल अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा में है।
टीवी से भोजपुरी फिल्मों तक का सफर
पाखी हेगड़े ने 2004 में एक टीवी शो से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद 2006 में भोजपुरी फिल्म ‘बैरी पिया’ से उन्होंने भोजपुरी सिनेमा में डेब्यू किया। पाखी और दिनेश लाल यादव ने ‘निरहुआ रिक्शावाला’, ‘गंगा देवी’ और ‘सात सहेलियां’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया है। दोनों की जोड़ी ने एक दौर में भोजपुरी दर्शकों के बीच खूब लोकप्रियता हासिल की थी।