दानापुर कोर्ट परिसर में होमगार्ड जवान से मारपीट, हथकड़ी खोलने को लेकर हुआ विवाद

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क :दानापुर: दानापुर न्यायालय परिसर में शराब मामले में गिरफ्तार आरोपितों को पेशी के लिए लेकर पहुंचे मध्यनिषेध विभाग के होमगार्ड जवान के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद घायल होमगार्ड जवान ने दानापुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

दानापुर एएसपी ने बताया कि मध्यनिषेध थाना के होमगार्ड जवान के साथ मारपीट की सूचना मिली है। इस संबंध में दानापुर थाने में लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शराब मामले में आरोपितों को पेशी के लिए लाया गया था
जानकारी के अनुसार, मध्यनिषेध थाना की पुलिस शराब पीने और बेचने के आरोप में गिरफ्तार किए गए कुछ आरोपितों को पेशी के लिए दानापुर व्यवहार न्यायालय लेकर पहुंची थी। इसी दौरान कोर्ट परिसर में कुछ लोगों ने ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान के साथ मारपीट कर दी।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस घटनास्थल से जुड़े तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
हथकड़ी खोलने को लेकर हुआ विवाद
घायल होमगार्ड जवान ने बताया कि वह कई कैदियों को लेकर दानापुर व्यवहार न्यायालय पहुंचे थे। इनमें दो लोग शराब के नशे में थे, जबकि अन्य आरोपितों को शराब से जुड़े मामलों में गिरफ्तार किया गया था। सभी को आगे की प्रक्रिया के बाद फुलवारी जेल भेजा जाना था।

जवान के अनुसार, इसी दौरान एक व्यक्ति वहां पहुंचा और आरोपित की हथकड़ी खोलने के लिए जबरदस्ती करने लगा। इसका विरोध करने पर कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू हो गई। विरोध करने के बाद उसके साथ मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गया।फिलहाल पुलिस ने घायल होमगार्ड जवान की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद घटना में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।दानापुर से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट।

Share This Article