साठी-नरकटियागंज मुख्य मार्ग पर भीषण हादसा: बाइक सवार युवक की मौत, तीन गंभीर

Shreya Raj
सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई बाइक, भीषण हादसे में एक युवक की मौत और तीन गंभीर घायल।

NEWS PR डेस्क: पश्चिम चंपारण के बेतिया में साठी-नरकटियागंज मुख्य मार्ग पर बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े ट्रक से बाइक की जोरदार टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान नरकटियागंज के सुमन बिहार, वार्ड नंबर-3 निवासी शिक्षक अवधेश कुमार के पुत्र सावंत कुमार के रूप में हुई है।

चार युवक एक बाइक पर थे सवार

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह चार युवक एक बाइक पर सवार होकर साठी-चनपटिया मुख्य मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से तेज रफ्तार में टकरा गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर सवार सभी युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में सावंत कुमार की हालत बेहद गंभीर हो गई और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

तीन अन्य युवकों की हालत गंभीर

हादसे में बाइक पर सवार तीन अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, तीनों घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने बाइक और ट्रक को किया जब्त

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रक को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है और घटना के संबंध में प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर रही है।

सावंत की मौत से परिवार में मचा कोहराम

सावंत कुमार की मौत की खबर जैसे ही उनके घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है वहीं, इस दर्दनाक सड़क हादसे के बाद पूरे इलाके में भी शोक का माहौल है।

पश्चिम चंपारण से रिपोर्टर : मोहम्मद इम्तियाज

Share This Article