बिशनपुर में नशे के खिलाफ ग्रामीणों की बड़ी पहल, बेचने वालों पर ₹51 हजार और पीने वालों पर ₹5,100 जुर्माने का फैसला

Shreya Raj
बिशनपुर में नशे के खिलाफ ग्रामीणों की बड़ी पहल, पंचायत बैठक में सैकड़ों लोगों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प।

NEWS PR डेस्क: सुपौल के पिपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बसहा पंचायत के बिशनपुर में नशे के खिलाफ ग्रामीणों ने एकजुट होकर बड़ी पहल की है। बिशनपुर मध्य विद्यालय परिसर में आयोजित पंचायत की बैठक में सैकड़ों ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार और इसके कारण युवाओं व परिवारों पर पड़ रहे सामाजिक और आर्थिक असर को लेकर चिंता जताई गई।

शराब, स्मैक, गांजा और नशीली सुई के खिलाफ उठी आवाज

बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि शराब, स्मैक, गांजा, नशीली सुई समेत अन्य मादक पदार्थों के सेवन से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। नशे की वजह से कई परिवारों को सामाजिक और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत बताई।

सूचना देने वाले को मिलेगा ₹2,500, पहचान रहेगी गुप्त

ग्रामीणों ने बैठक में नशे के अवैध कारोबार की जानकारी पुलिस और प्रशासन तक पहुंचाने का फैसला लिया। बैठक में कहा गया कि नशे के कारोबार की सूचना देने वाले व्यक्ति को ₹2,500 नकद पुरस्कार दिया जाएगा साथ ही सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखने की बात कही गई।

नशा बेचने वालों पर ₹51 हजार और सेवन करने वालों पर ₹5,100 दंड

बैठक में नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई को लेकर भी निर्णय लिया गया। ग्रामीणों ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति नशीले पदार्थ बेचते हुए पकड़ा जाता है तो उस पर ₹51 हजार का दंड लगाया जाएगा वहीं, नशे का सेवन करते पकड़े जाने वाले लोगों पर ₹5,100 का दंड लगाने की बात कही गई।

युवाओं को नशे से दूर रखने का लिया संकल्प

ग्रामीणों ने कहा कि नशे के खिलाफ यह अभियान केवल एक बैठक तक सीमित नहीं रहेगा। क्षेत्र में लगातार जागरूकता अभियान चलाया जाएगा और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। बैठक में मौजूद ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने नशे के खिलाफ एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया।

इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में ग्रामीणों ने प्रशासन और पुलिस से भी नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई करने की अपील की।

सुपौल से रिपोर्टर : अल्ताफ राजा

Share This Article