दानापुर में ‘आइलैंड टेरियर्स’ का स्थापना दिवस, शहीद जवानों को किया गया नमन

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: दानापुर स्थित बिहार रेजीमेंट केंद्र में 154 इन्फैंट्री बटालियन (टीए) ‘आइलैंड टेरियर्स’ का 26वां स्थापना दिवस बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। 154 इन्फैंट्री बटालियन (टीए) की स्थापना 10 सितम्बर 2001 को बेंगलुरु में हुई थी। इसकी स्थापना प्रथम कमांडिंग ऑफिसर कर्नल आर एस कादियान, सेना मेडल और प्रथम सूबेदार मेजर (मानद कैप्टन) रॉबर्ट किरो के नेतृत्व में की गई थी। स्थापना से लेकर अब तक बटालियन ने कई उल्लेखनीय कार्य किए हैं और देश की सुरक्षा व सेवा में अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान दिया है। बटालियन ने 2003 में जम्मू-कश्मीर में ‘ऑपरेशन पराक्रम’ के दौरान तथा अंडमान और निकोबार में सुनामी राहत के लिए ‘ऑपरेशन मदद में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी वीरता और सेवाभाव को साबित किया है।

स्थापना दिवस के इस अवसर पर, हमारे देश की सेवा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले बटालियन के वीर सैनिकों को याद करने और सम्मानित करने के लिए बिहार रेजिमेंट केंद्र के वीर स्मृति स्थल पर एक विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में कर्नल ऑफ़ द बिहार रेजीमेंट की तरफ से ब्रिगेडियर राकेश कुमार बोरा, समादेष्टा, बिहार रेजीमेंट केंद्र द्वारा वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

इस मौके पर बिहार रेजिमेंट के कर्नल अंकित यादव, ट्रेनिंग बटालियन कमांडर, ले. कर्नल अंकुर कुमार मिश्रा, दंडपाल के साथ सूबेदार मेजर (मानद लेफ्टीनेंट) प्रकाश चन्द्र अरिसल, कई सरदार साहिबान एवं अन्य पदों ने भी वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान सेना बैंड द्वारा “वंदे मातरम्” और रेजिमेंटल गीत की धुनों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति और श्रद्धा से भर दिया।

Share This Article