भागलपुर में नशे के खिलाफ बाथ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पिकअप से 6480 बोतल कोरेक्स बरामद; एक गिरफ्तार

Shreya Raj
भागलपुर में नशे के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 6480 बोतल कोरेक्स कफ सिरप के साथ आरोपी को गिरफ्तार किया, मामले की जानकारी देते पुलिस अधिकारी।

NEWS PR डेस्क: भागलपुर के बाथ थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन से 6480 बोतल कोरेक्स कफ सिरप बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में वाहन चालक संतोष कुमार को गिरफ्तार किया है। वह जमुई जिले के सोनो का रहने वाला बताया गया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर असरगंज-शाहकुंड मुख्य मार्ग पर वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस की नजर एक पिकअप वाहन पर पड़ी।

पुलिस को देखते ही भागने लगा पिकअप चालक

वाहन जांच के दौरान पुलिस को देखकर पिकअप चालक ने गाड़ी लेकर भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर वाहन को रोक लिया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पिकअप की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान वाहन के अंदर बड़ी मात्रा में कोरेक्स कफ सिरप की बोतलें मिलीं। पुलिस ने सभी 6480 बोतलों को जब्त कर लिया और चालक संतोष कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

6480 बोतल कोरेक्स सिरप बरामद

पुलिस के अनुसार, बरामद की गई कोरेक्स कफ सिरप की मात्रा काफी अधिक है। इतनी बड़ी खेप को लेकर पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। गिरफ्तार चालक से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कफ सिरप की यह खेप कहां से लाई गई थी। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इसे भागलपुर या किसी अन्य स्थान पर कहां पहुंचाया जाना था।

सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस

पुलिस अब बरामद कफ सिरप के स्रोत और इसके संभावित सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले को लेकर विधि व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार ने बताया कि पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।

वाहन, बरामद सिरप और गिरफ्तार आरोपी से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी सामने आ सकती है।

भागलपुर से रिपोर्टर: -शयामानंद सिह

Share This Article