पटना में आक्रोश मार्च: सड़क पर उतरे छात्र-युवा, मजदूर और किसान, टूटी बैरिकेडिंग

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: बिहार की राजधानी पटना में सोमवार को छात्र-युवाओं के साथ मजदूर और किसान भी अलग-अलग मांगों को लेकर सड़क पर उतरे। विभिन्न संगठनों की ओर से निकाले गए आक्रोश मार्च के चलते जेपी गोलंबर से डाकबंगला तक प्रदर्शन का माहौल बना रहा। प्रदर्शन में शामिल होने निर्दलीय सांसद पप्पू यादव भी जेपी गोलंबर पहुंचे।

जेपी गोलंबर पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच उस समय धक्का-मुक्की हुई, जब प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की। कुछ ही देर में बैरिकेडिंग का हिस्सा टूट गया और प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने लगे। इस दौरान पप्पू यादव छात्र प्रदर्शनकारियों को बैरिकेडिंग तोड़ने से रोकते नजर आए।
इसके बाद प्रदर्शनकारी जेपी गोलंबर से डाकबंगला की ओर बढ़े। डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए कंटीले तारों वाली बैरिकेडिंग की थी। मौके पर वाटर कैनन के साथ भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। हालांकि, प्रदर्शनकारियों ने यहां भी एक तरफ की बैरिकेडिंग तोड़ दी। इसके बाद प्रदर्शनकारियों पर वाटर कैनन का इस्तेमाल और पुलिस ने लाठीचार्ज किया । इसमें 4 छात्रों के सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।


डाकबंगला पर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए SSP कार्तिकेय शर्मा समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। प्रदर्शन में शामिल अलग-अलग संगठनों के कार्यकर्ताओं के हाथों में पोस्टर और बैनर नजर आए। इनमें ‘मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ लिखे पोस्टर भी शामिल थे।
प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की दिशा में आगे बढ़े। वहीं, वाम दलों के कार्यकर्ताओं ने लोकभवन का घेराव करने निकले हैं। प्रदर्शन को देखते हुए पटना के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई।

Share This Article