बच्चों की आवाज सुनेगी पटना पुलिस, सभी थानों में शुरू हुआ Child Help Desk

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : पटना: बच्चों की सुरक्षा, उनके अधिकारों की रक्षा और उनकी समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनने के उद्देश्य से पटना पुलिस ने अहम पहल शुरू की है। जिले के सभी थानों में Child Help Desk/Child Corner स्थापित किए गए हैं। इस व्यवस्था के जरिए बच्चों के लिए थानों में सुरक्षित, सहज और बाल-मित्रवत माहौल तैयार करने की कोशिश की गई है।

पटना पुलिस के अनुसार, Child Help Desk/Child Corner पर बच्चे बिना डर या झिझक अपनी समस्याएं साझा कर सकेंगे। यहां उनकी बात को प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ सुना जाएगा। बच्चों को उनकी समस्या के अनुरूप आवश्यक सहायता, मार्गदर्शन और समाधान उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
बालिकाओं की समस्याओं पर विशेष ध्यान
इस पहल के तहत बालिकाओं की समस्याओं को सुनने और आवश्यक कार्रवाई में सहयोग के लिए योग्य महिला पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसका उद्देश्य ऐसा वातावरण उपलब्ध कराना है, जहां बालिकाएं अपनी परेशानियों और शिकायतों को सहजता से साझा कर सकें। पुलिस का मानना है कि थानों में बच्चों के लिए अनुकूल माहौल तैयार होने से उनके और पुलिस के बीच संवाद तथा विश्वास को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
अभिभावक सीधे कर सकेंगे संपर्क
Child Help Desk/Child Corner से जुड़े पदाधिकारियों के मोबाइल नंबर प्रदर्शित और सक्रिय रखने की व्यवस्था भी की गई है। जरूरत पड़ने पर बच्चे के अभिभावक या परिजन संबंधित पदाधिकारी से सीधे संपर्क कर सकेंगे। पुलिस के मुताबिक, किसी बच्चे से संबंधित सूचना अभिभावक या परिजन से मिलने पर मामले की गंभीरता को देखते हुए कानून के अनुरूप तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जरूरत पड़ने पर 1098 पर करें संपर्क
बच्चों को किसी भी तरह की परेशानी, संकट या खतरे की स्थिति में Child Helpline 1098 से सहायता लेने की सुविधा भी उपलब्ध है। यह हेल्पलाइन बच्चों की मदद के लिए 24 घंटे संचालित की जाती है। पटना पुलिस की इस पहल का उद्देश्य बच्चों को थाने तक पहुंचने में होने वाली झिझक को कम करना और उन्हें यह भरोसा दिलाना है कि उनकी बात को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुना जाएगा। बच्चों की आवाज सुनना, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना और उनके अधिकारों की रक्षा करना इस पहल के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है।

Share This Article