JDU में अनंत सिंह-नीरज कुमार विवाद पर बड़ी बैठक, नीतीश कुमार के आवास पर जुटे दिग्गज

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव के बीच JDU के अंदर चल रही खींचतान अब पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के स्तर तक पहुंच गई है। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से JDU प्रत्याशी नीरज कुमार और मोकामा विधायक अनंत सिंह के बीच मतभेद को लेकर पार्टी नेतृत्व सक्रिय है। इसी बीच बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 7 सर्कुलर रोड स्थित आवास पर अहम बैठक हुई।
बैठक में JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, मंत्री श्रवण कुमार और MLC संजय गांधी समेत वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान आठों विधान परिषद सीटों की चुनावी स्थिति, उम्मीदवारों की तैयारियों और विभिन्न क्षेत्रों से मिले फीडबैक पर चर्चा की गई। नेताओं ने चुनावी गतिविधियों की जानकारी नीतीश कुमार को दी।
दरअसल, पटना स्नातक सीट से JDU ने मौजूदा MLC नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया है। वहीं अनंत सिंह ने नीरज के खिलाफ खुलकर नाराजगी जताते हुए जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन का ऐलान किया था। इससे पार्टी के सामने आंतरिक मतभेद को संभालने की चुनौती खड़ी हो गई।
विवाद को शांत कराने की जिम्मेदारी वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह को दी गई थी। अनंत सिंह से बातचीत के बाद ललन सिंह ने कहा था कि अनंत अब नीरज कुमार के खिलाफ सार्वजनिक बयान या प्रचार नहीं करेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अनंत सिंह JDU में थे, हैं और आगे भी रहेंगे।
ललन सिंह की पहल को संजय झा और विजय कुमार चौधरी ने सकारात्मक बताया। वहीं स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कार्यकर्ताओं से NDA के अधिकृत उम्मीदवार नीरज कुमार को जीत दिलाने की अपील की थी। ऐसे में बुधवार की बैठक को JDU की चुनावी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब नजर इस बात पर है कि पार्टी नेतृत्व अनंत सिंह को पूरी तरह नीरज कुमार के समर्थन में लाने में कितना सफल होता है।

Share This Article