राघोपुर नाव हादसे पर चिराग पासवान सख्त, NMCH में घायल बच्चों का जाना हाल

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: राघोपुर नाव हादसे में घायल बच्चों के इलाज और उनकी स्वास्थ्य स्थिति का जायजा लेने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान पटना स्थित नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) पहुंचे। यहां उन्होंने शिशु रोग विभाग में भर्ती बच्चों से मुलाकात की और उनके परिजनों से बातचीत कर घटना के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों से बच्चों के उपचार की स्थिति की जानकारी लेते हुए भरोसा दिलाया कि इलाज में किसी तरह की लापरवाही या कमी नहीं होने दी जाएगी।

केंद्रीय मंत्री ने अस्पताल अधीक्षक प्रो. डॉ. राजीव रंजन सिन्हा, प्राचार्य प्रो. डॉ. उषा कुमारी और विभागाध्यक्ष डॉ. अखिलेश कुमार से मुलाकात कर घायल बच्चों के स्वास्थ्य के बारे में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी बच्चों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है, ताकि वे जल्द स्वस्थ होकर सुरक्षित अपने घर लौट सकें।
रात के अंधेरे में बच्चों को नाव से ले जाने पर उठाए सवाल
राघोपुर नाव हादसे को दुखद और हृदयविदारक बताते हुए चिराग पासवान ने घटना की परिस्थितियों पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि रात के अंधेरे में इतनी बड़ी संख्या में बच्चे नाव से सफर कैसे कर रहे थे और उस दौरान प्रशासनिक सुरक्षा की व्यवस्था क्यों नहीं थी, इसकी जांच होनी चाहिए। मंत्री ने स्पष्ट किया कि हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। नाव पर बच्चों के सवार होने की परिस्थितियों से लेकर सुरक्षा इंतजामों तक, हर बिंदु की जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाई जाएगी।

नाव की मांग के बावजूद व्यवस्था क्यों नहीं हुई?
चिराग पासवान ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि ग्रामीणों की ओर से नाव उपलब्ध कराने की मांग की गई थी। अब यह पता लगाया जाएगा कि यह मांग किस स्तर पर रखी गई थी और यदि मांग की गई थी, तो उस पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों और स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जाएगी। जांच में जिसकी भी लापरवाही या जिम्मेदारी सामने आएगी, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी दी गई हादसे की जानकारी
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि राघोपुर नाव हादसे की जानकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी दी गई है। उन्होंने दोहराया कि फिलहाल घायल बच्चों का समुचित इलाज सुनिश्चित करना सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इसके साथ ही हादसे के कारणों का पता लगाकर जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जाएगी। चिराग पासवान ने भरोसा दिलाया कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी, ताकि घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके और जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह बनाया जा सके।

Share This Article