NEWS PR डेस्क: बिहार की चर्चित पूर्व IPS अधिकारी काम्या मिश्रा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। ‘लेडी सिंघम’ के नाम से पहचान बनाने वाली काम्या मिश्रा ने पटना में जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा से मुलाकात की। दोनों ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए इस मुलाकात को दिवाली की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान बताया है। हालांकि, इस मुलाकात के बाद काम्या मिश्रा की बिहार की राजनीति में एंट्री को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
काम्या मिश्रा संजय झा के पटना स्थित सरकारी आवास पहुंचीं। उन्होंने मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए बिहार को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत पहचान दिलाने के लिए संजय झा के प्रयासों की सराहना की। वहीं, संजय झा ने इसे दिवाली की शुभकामनाओं से जुड़ी शिष्टाचार भेंट बताया।
कौन हैं पूर्व IPS काम्या मिश्रा?
2019 बैच की IPS अधिकारी काम्या मिश्रा ने UPSC परीक्षा में 172वीं रैंक हासिल की थी। मूल रूप से ओडिशा की रहने वाली काम्या को शुरुआत में हिमाचल कैडर मिला था, बाद में वह बिहार कैडर में आ गईं। दरभंगा की ग्रामीण SP रहते हुए उन्होंने VIP प्रमुख मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी हत्याकांड की जांच में अहम भूमिका निभाई थी। इससे पहले वैशाली के लालगंज में SHO रहते हुए भी उनके सख्त पुलिसिया अंदाज की खूब चर्चा हुई थी।
IPS की नौकरी छोड़ अब संभाल रहीं कारोबार
काम्या मिश्रा ने अगस्त 2024 में दरभंगा ग्रामीण SP के पद से इस्तीफा दिया था, जिसे बाद में मंजूरी मिल गई। फिलहाल वह अपने पारिवारिक स्टील कारोबार से जुड़ी हैं और GM आयरन एंड स्टील कंपनी में डायरेक्टर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। उनके पति अवधेश कुमार दीक्षित भी 2019 बैच के IPS अधिकारी हैं और वर्तमान में भोजपुर के SP हैं। अब संजय झा से काम्या मिश्रा की मुलाकात ने बिहार की राजनीति में उनकी संभावित नई पारी को लेकर अटकलें तेज कर दी हैं। हालांकि, इस मुलाकात को फिलहाल राजनीतिक शुरुआत मानना जल्दबाजी होगी।