NEWS PR डेस्क :खगड़िया में पूर्व एसपी भानु प्रताप सिंह के सरकारी आवास को लेकर विवाद अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है। आवास के मुख्य द्वार पर धरने के दौरान उनकी पत्नी पूजा सिंह की ओर से पुलिस पदाधिकारी को कथित तौर पर दी गई चुनौती ने मामले को और गंभीर बना दिया है। इस पूरे घटनाक्रम में पूजा सिंह समेत सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जानकारी के मुताबिक, थानाध्यक्ष के आवेदन पर 4 नवंबर को दर्ज प्राथमिकी में पूजा सिंह के अलावा उनकी मां पुष्पा देवी पारिक, भाई नीरज कुमार पारिक, बहन आरती सिंह, बहनोई सोनू सिंह, मामा प्रमोद मिश्रा और धनवत सिंह राठौर को नामजद किया गया है।
प्राथमिकी के अनुसार, पूजा सिंह और उनके परिजनों ने 3 नवंबर की सुबह 7:15 बजे से 9:15 बजे तक पूर्व एसपी के सरकारी आवास के मुख्य द्वार पर धरना दिया था। इसके बाद उसी दिन शाम 5 बजे से 4 नवंबर की सुबह 6:30 बजे तक धरना जारी रखा गया। आरोप है कि इस दौरान आवास के अंदर आने-जाने का रास्ता भी बाधित किया गया। थानाध्यक्ष के आवेदन में आरोप लगाया गया है कि जब पुलिस ने धरना समाप्त कर मुख्य द्वार खाली करने को कहा, तो पूजा सिंह ने विरोध किया। इसी दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात थानाध्यक्ष की सर्विस पिस्टल छीनने की कोशिश की।
आरोप के मुताबिक, इसी दौरान पूजा सिंह ने पुलिस पदाधिकारी से कहा कि गोली मार दो या एनकाउंटर कर दो, लेकिन जब तक उन्हें आवास के अंदर जाने नहीं दिया जाएगा, तब तक किसी को आने-जाने नहीं देंगी। फिलहाल पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। हालांकि, प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और साक्ष्यों के आधार पर ही होगी।
थानेदार की सर्विस पिस्टल छीनने की कोशिश? पूर्व SP की पत्नी पर दर्ज हुई प्राथमिकी