दानापुर में चित्रगुप्त पूजा में शामिल हुए BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, बोले- जनप्रतिनिधियों को भी जनता के सामने देना चाहिए अपने कर्मों का हिसाब !

Muskan Gupta


NEWS PR डेस्क: चित्रगुप्त पूजा समिति की ओर से आयोजित समारोह में राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों ने शिरकत की। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सारंगी और सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने भगवान चित्रगुप्त की विधिवत पूजा-अर्चना की और देश एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की ,

पूजा-अर्चना के बाद नितिन नवीन ने बिहारवासियों, देशवासियों और विशेष रूप से कलमजीवियों को चित्रगुप्त पूजा की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि भगवान चित्रगुप्त की पूजा केवल धार्मिक परंपरा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमें अपने जीवन और कर्मों का लेखा-जोखा करने की भी प्रेरणा देती है। भगवान चित्रगुप्त समाज में सद्भाव, आपसी भाईचारे और समरसता का संदेश देते हैं।

उन्होंने कहा कि चित्रगुप्त पूजा के माध्यम से व्यक्ति पूरे वर्ष किए गए अपने कार्यों, उपलब्धियों और कमियों का आत्ममंथन करता है। यह परंपरा हमें सिखाती है कि हमें अपने कर्मों के प्रति हमेशा जवाबदेह रहना चाहिए।

नितिन नवीन ने इस परंपरा को जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी से भी जोड़ा उन्होंने कहा कि

प्रधानमंत्री से लेकर सभी जनप्रतिनिधियों का यह दायित्व है कि वे अपने कार्यों का हिसाब जनता के सामने रखें। जनता के प्रति जवाबदेही लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि भगवान चित्रगुप्त की परंपरा से प्रेरणा लेकर समाज में सद्भाव, समरसता और जवाबदेही की भावना को और मजबूत करने की जरूरत है।

कार्यक्रम के दौरान पूजा समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। समारोह के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का संदेश भी दिया गया।

दानापुर से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट ;

Share This Article