NEWS PR डेस्क:लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर पटना में तैयारियां तेज हो गई हैं। गंगा घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पटना यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। 15 और 16 नवंबर को शहर की कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी, जबकि कई रास्तों पर डायवर्जन लागू किया जाएगा। यातायात व्यवस्था संभालने के लिए करीब 1400 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
कब से कब तक लागू रहेगा ट्रैफिक प्लान?
यातायात पुलिस के मुताबिक, 15 नवंबर को दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक और 16 नवंबर को अहले सुबह 2 बजे से सुबह 8 बजे तक विशेष प्रतिबंध लागू रहेंगे। वहीं, कुछ प्रमुख रास्तों पर इससे अलग समय सीमा भी निर्धारित की गई है।
मरीन ड्राइव और अशोक राजपथ पर वाहनों की नो एंट्री
जेपी गंगा पथ यानी मरीन ड्राइव पर दीघा गोलंबर से दीदारगंज तक दोनों फ्लैंक में वाहनों का परिचालन और पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। कारगिल चौक से दीदारगंज तक सामान्य वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी। अशोक राजपथ के सभी प्रवेश मार्ग भी बंद रहेंगे। हालांकि, छठव्रतियों के वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों तक जाने की अनुमति दी जाएगी। पटना कॉलेज और साइंस कॉलेज परिसर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
अटल पथ और दीघा-आशियाना रोड पर भी बदलाव
अटल पथ पर 15 नवंबर को सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक और 16 नवंबर को सुबह 2 बजे से 9 बजे तक सामान्य वाहनों का जेपी सेतु और सोनपुर की ओर परिचालन बंद रहेगा। वहीं, दीघा मोड़ से आशियाना मोड़ की ओर उत्तर से दक्षिण दिशा में भी निर्धारित समय के दौरान वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। वैकल्पिक रास्ते के तौर पर वाहन रामजीचक मोड़ से नहर रोड होते हुए बेली रोड जा सकेंगे।
भारी वाहनों की एंट्री पर भी रोक
पटना जिले में बड़ी मालवाहक गाड़ियों का प्रवेश 15 नवंबर सुबह 10 बजे से 16 नवंबर सुबह 10 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा। निर्माण कार्य से जुड़े वाहनों पर भी 15 नवंबर सुबह 10 बजे से 16 नवंबर दोपहर 12 बजे तक रोक रहेगी। यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करें और सड़क पर पार्किंग से बचें। एंबुलेंस, अग्निशमन, मरीजों और शव वाहनों को आवश्यक छूट दी गई है।
पटना में छठ पूजा को लेकर बड़ा ट्रैफिक बदलाव,भारी वाहनों की एंट्री पर भी रोक