NEWS PR डेस्क:बिहार की राजनीति में बाहुबली नेता और मोकामा विधायक अनंत सिंह ने अपने अगले राजनीतिक कदम को लेकर बड़ा ऐलान कर दिया है। अनंत सिंह ने साफ कर दिया है कि अब उनकी नजर विधानसभा नहीं, बल्कि लोकसभा चुनाव पर है। उन्होंने कहा है कि 4 दिसंबर को दुलारचंद यादव हत्याकांड में सरेंडर करने के बाद वह जेल जाएंगे। जेल से रिहा होने के बाद पूरे बिहार का दौरा करेंगे और फिर अपनी आगे की राजनीतिक रणनीति तय करेंगे।
उन्होंने कहा कि अब वह विधायक नहीं, बल्कि सांसद का चुनाव लड़ना चाहते हैं। हालांकि, उन्होंने अभी यह खुलासा नहीं किया है कि अगला लोकसभा चुनाव किस सीट से लड़ेंगे और किस पार्टी के टिकट पर मैदान में उतरेंगे।
अनंत सिंह ने जेडीयू से निष्कासन पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पार्टी से निकाले जाने का उन्हें कोई अफसोस नहीं है। उनका दावा है कि उन्होंने पार्टी के लिए काफी काम किया, लेकिन इसके बावजूद उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।
नीतीश कुमार को लेकर अनंत सिंह ने कहा कि जेडीयू की पहचान नीतीश कुमार से थी। उनके मुताबिक, अगर नीतीश कुमार सक्रिय रहते तो पार्टी की स्थिति ऐसी नहीं होती। उन्होंने यहां तक दावा कर दिया कि अगले बिहार विधानसभा चुनाव में जेडीयू 10 सीटें भी नहीं जीत पाएगी।
वहीं, अनंत सिंह इन दिनों अपनी बेटी शिवांगी सिंह की शादी की तैयारियों में भी व्यस्त हैं। 25 नवंबर को होने वाली शादी के चलते उन्होंने विधानसभा की ओर से जारी नोटिस का जवाब देने के लिए अतिरिक्त समय मांगा है। यह नोटिस पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोपों से जुड़ा है।
इसके अलावा सरकारी आवास खाली करने के नोटिस पर भी उन्होंने अपनी बात रखी। अनंत सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार ने उन्हें 22 साल तक सरकारी आवास दिया था।फिलहाल, अनंत सिंह के सामने बेटी की शादी और 4 दिसंबर को सरेंडर की चुनौती है लेकिन लोकसभा चुनाव लड़ने के उनके ऐलान ने बिहार की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है।