पटना में बनी छठ पर विशेष लघु फिल्म ‘छठ में उम्मीद की किरण’, श्रद्धा और संस्कृति का दिखेगा संगम

Rashmi Tiwari

पटना। लोक आस्था के महापर्व छठ की धार्मिक महत्ता, सांस्कृतिक विरासत और मानवीय संवेदनाओं को सिनेमा के माध्यम से जीवंत करने की पहल की गई है। इसी कड़ी में विशेष लघु फिल्म ‘छठ में उम्मीद की किरण’ का निर्माण किया गया है। यह फिल्म छठ पर्व की परंपरा, श्रद्धा, पारिवारिक रिश्तों और जीवन में सकारात्मक उम्मीदों के संदेश को दर्शकों तक पहुंचाएगी।

एस.ए.आर. एंटरप्राइजेज एवं रनआर्ट फाउंडेशन के संयुक्त बैनर तले निर्मित इस फिल्म का उद्देश्य छठ महापर्व की सांस्कृतिक विरासत और उससे जुड़ी भावनात्मक गहराई को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करना है। फिल्म के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि छठ केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, समर्पण, अनुशासन, स्वच्छता और प्रकृति के प्रति सम्मान का भी प्रतीक है।

रणधीर फॉर्च्यूनर ने लिखी कहानी, गौतम गुलाल ने किया निर्देशन

फिल्म की कहानी एवं लेखन की जिम्मेदारी रणधीर फॉर्च्यूनर ने संभाली है, जबकि निर्देशन गौतम गुलाल ने किया है। छायांकन विक्रम कुमार श्रीवास्तव ने किया है। वहीं, संपादन का कार्य बृजेश शर्मा ने संभाला है। निर्माण प्रबंधन एवं प्रकाश व्यवस्था की जिम्मेदारी शुभम कुमार के पास है।

कलाकारों की सशक्त टीम आएगी नजर

फिल्म में रणधीर फॉर्च्यूनर, दिवाकर कुमार शर्मा, सनी साहित्य, सनी कुमार और शुभम कुमार अभिनय करते नजर आएंगे। वहीं, फिल्म की मुख्य अभिनेत्री काजल कुमारी हैं। कलाकारों की यह टीम छठ पर्व से जुड़ी भावनाओं, पारिवारिक संबंधों और उम्मीदों की कहानी को पर्दे पर प्रस्तुत करेगी।

कई संस्थाओं का मिला सहयोग

इस फिल्म के निर्माण को सफल बनाने में वी.आर. स्टूडियो, डी.आर.एस. एंटरटेनमेंट एवं चस्का इवेंट का प्रायोजन सहयोग प्राप्त हुआ है।

‘छठ में उम्मीद की किरण’ के माध्यम से निर्माण टीम ने छठ महापर्व की आस्था, सामाजिक समरसता और मानवीय संवेदनाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया है। उम्मीद है कि यह लघु फिल्म दर्शकों को छठ की परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ जीवन में विश्वास, सकारात्मकता और उम्मीद का संदेश भी देगी।

Share This Article