मंत्री संजय टाइगर के घर लाखों की चोरी,600 ग्राम सोना और 7 लाख कैश लेकर फरार चोर

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: बिहार की राजधानी पटना में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब अपराधियों के निशाने पर सरकार के मंत्री का निजी आवास भी आ गया है। शास्त्री नगर थाना क्षेत्र की पॉश एजी कॉलोनी में बिहार सरकार (उच्च शिक्षा एवं विधि विभाग)के मंत्री संजय टाइगर के दो मंजिला मकान में चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। हैरानी की बात यह है कि जिस वक्त चोर घर में घुसे, उससे महज कुछ मिनट पहले पुलिस की गश्ती गाड़ी वहां से गुजर चुकी थी।

जानकारी के मुताबिक, छठ महापर्व के दौरान मंत्री का परिवार घर से बाहर गया हुआ था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने मकान को निशाना बनाया। अपराधियों ने एक-एक कर चार कमरों के ताले तोड़े और अलमारियों को खंगालते हुए लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हो गए। सचिवालय एसडीपीओ-2 साकेत कुमार के मुताबिक, चोर घर से करीब 600 ग्राम सोना, दो किलो चांदी और सात लाख रुपये नकद ले गए हैं। इसके अलावा अन्य कीमती सामान भी चोरी हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही शास्त्री नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती जांच में कुछ संदिग्धों की गतिविधियां सामने आने की बात कही जा रही है।

इस मामले में एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने उस व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जिसने कथित तौर पर चोरों को घर के अंदर रखे कीमती सामान और कमरों की जानकारी दी थी। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि वारदात से पहले किसने रेकी की और अपराधियों को घर की अंदरूनी जानकारी कैसे मिली।
फिलहाल पुलिस संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

Share This Article