21 नवंबर को हाजीपुर में PM मोदी की मेगा रैली तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे BJP प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, बोले- ऐतिहासिक होगी जनसभा !

Muskan Gupta

NEWS PR डेस्क : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को प्रस्तावित बिहार दौरे को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। हाजीपुर के राजापाकर प्रखंड स्थित जाफरपट्टी में होने वाली प्रधानमंत्री की विशाल जनसभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता पूरी ताकत से जुटे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी वैशाली पहुंचे और कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की ,

इस दौरान उनके साथ भाजपा के संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सह विधायक मंगल पांडेय भी मौजूद रहे। जाफरपट्टी में आयोजित समीक्षा बैठक में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। बैठक में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने, अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।

सभा स्थल और हेलीपैड का किया निरीक्षण

समीक्षा बैठक के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सभा स्थल और हेलीपैड का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी तत्परता से जुटने का संदेश दिया।

PM मोदी के बिहार आगमन को लेकर जनता में उत्साह: संजय सरावगी

इस मौके पर संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार आगमन को लेकर आम लोगों में जबरदस्त उत्साह है। वैशाली और आसपास के जिलों के लोग इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए काफी उत्साहित हैं। उन्होंने बिहार की जनता से 21 नवंबर को हाजीपुर में होने वाली जनसभा में बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपना गौरव बढ़ा रहा है। देश निरंतर प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। वहीं, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में विकास कार्यों को तेजी मिल रही है।

NDA सरकार के एक साल पूरे होने के बाद PM का दौरा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 20 नवंबर को बिहार की वर्तमान एनडीए सरकार का एक साल पूरा हो रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पूर्व मुख्यमंत्री और एनडीए के सर्वमान्य नेता नीतीश कुमार के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। राज्य में विकास और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को गति दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और बिहार में एनडीए सरकार के विकास कार्यों के कारण लोगों में इस कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह है।

ऐतिहासिक होगी हाजीपुर की जनसभा

संजय सरावगी ने दावा किया कि 21 नवंबर को हाजीपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित जनसभा ऐतिहासिक और अभूतपूर्व होगी। इसमें बिहार के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। भाजपा कार्यकर्ता इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी तत्परता से काम कर रहे हैं।

उन्होंने वैशाली सहित आसपास के जिलों के लोगों से जनसभा में पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करने की अपील की। प्रधानमंत्री के इस दौरे को लेकर अब भाजपा संगठन की तैयारियां तेज हो गई हैं और पार्टी की नजर अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर है।

Share This Article