NEWS PR डेस्क : कैमूर दुर्गावती थाना क्षेत्र के कर्मनाशा में अज्ञात चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस प्रशासन को चुनौती दी है। परिवार के सभी सदस्य छठ पूजा करने वाराणसी गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने घर को निशाना बनाकर 20 हजार रुपये नकद,10 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और एक घरेलू गैस सिलेंडर चोरी कर लिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार रोहित पांडेय 37 वर्ष कर्मनाशा बाजार मे किराए के मकान में रहकर एक फैक्टरी में काम करते थे। छठ पूजा के अवसर पर परिवार के सभी सदस्य वाराणसी गए हुए थे। घर खाली होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोर छत के रास्ते मकान के अंदर पहुंच गए। इसके बाद चोरों ने अंदर के कमरे का ताला तोड़कर घर में रखे 20 हजार रुपये नकद और 10 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। जाते-जाते चोर घर में रखा एक घरेलू गैस सिलेंडर भी अपने साथ ले गए।
बताया जा रहा है कि परिवार के छठ पूजा के लिए बाहर जाने के दौरान चोरों ने पूरी वारदात को अंजाम दिया। घर में चोरी की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित परिवार के होश उड़ गए। रोहित पांडेय की पत्नी संगीता देवी के अनुसार,घर में रखे नकदी और कीमती गहने चोरी हो गए हैं। चोरी गए आभूषणों की कीमत 10 से 12 लाख रुपये के आसपास बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। इतनी बड़ी चोरी की वारदात से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। पीड़ित परिवार की ओर से स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दी गई है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटना का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
कैमूर से बर्जेश कुमार की रिपोर्ट ;-
