NEWS PR डेस्क: बिहार की राजनीति में अपने बेबाक अंदाज और दबंग छवि के लिए चर्चित मोकामा के विधायक अनंत सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार मौका उनकी बेटी की शादी का है, लेकिन शादी की खुशियों के बीच अनंत सिंह के एक बयान ने सियासी गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है। उन्होंने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की मशहूर पंक्तियों के जरिए अपने विरोधियों को एक खास संदेश देने की कोशिश की है।
अनंत सिंह ने दिनकर की कविता की पंक्तियां दोहराते हुए कहा सूरमा नहीं विचलित होते, क्षण भर नहीं धीरज खोते, विघ्नों को गले लगाते हैं, कांटों में राह बनाते हैं।’
उनके इस अंदाज को राजनीतिक चुनौतियों और विरोधियों के लिए एक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, उन्होंने अपने बयान में किसी का नाम लेकर सीधे तौर पर निशाना नहीं साधा, लेकिन उनके शब्दों ने बिहार की राजनीति में चर्चाओं को जरूर तेज कर दिया है।
बेटी की शादी में जुटे राजनीतिक दिग्गज
अनंत सिंह की बेटी की शादी को लेकर भी राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा है। इस समारोह में कई चर्चित चेहरों और राजनीतिक हस्तियों के शामिल होने की संभावना को लेकर लोगों की नजरें टिकी हैं।
कविता के जरिए दिया संघर्ष का संदेश
अनंत सिंह के बयान का सियासी अर्थ निकाला जा रहा है। दिनकर की इन पंक्तियों में मुश्किल हालात में धैर्य बनाए रखने और चुनौतियों का डटकर मुकाबला करने का संदेश छिपा है।
सवाल यही है कि बेटी की शादी के बीच अनंत सिंह ने दिनकर की कविता के जरिए आखिर किसे संदेश दिया है ! क्या यह विरोधियों के लिए खुली चुनौती है या फिर मुश्किल वक्त में अपने समर्थकों को हौसला देने का उनका अंदाज फिलहाल उनके बयान ने बिहार की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है।
