NEWS PR डेस्क : – पटना से जहां गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 360वें प्रकाश पर्व को ऐतिहासिक और यादगार बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस आयोजन को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की और अधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि इस बार का प्रकाश पर्व 350वें प्रकाश पर्व की तरह ही भव्य और दिव्य होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार रहे।
लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं के आने-जाने, ठहरने, भोजन, सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए। इसके लिए केंद्र सरकार और दूसरे राज्यों के साथ समन्वय स्थापित कर रेलवे, हवाई और बस सेवाओं में निःशुल्क सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किया जाएगा।
प्रकाश पर्व का मुख्य समारोह 9 से 16 जनवरी 2027 तक आयोजित होगा। इस वर्ष आयोजन का थीम स्लोगन रखा गया है- ‘बिहार है तैयार, जी आयां नू’। श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए करीब 20 हजार लोगों की क्षमता वाली टेंट सिटी बनाई जाएगी। वहीं, गंगा नदी के किनारे लगभग 10 हजार श्रद्धालुओं की क्षमता वाला भव्य दीवान हॉल तैयार किया जाएगा। यहां लंगर, पेयजल, शौचालय और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस बार प्रकाश पर्व में आधुनिक तकनीक और आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी देखने को मिलेंगे। 15 जनवरी 2027 को कंगन घाट पर एक हजार ड्रोन के जरिए भव्य ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा। वहीं, 16 जनवरी को गुरुद्वारा परिसर के आसपास आतिशबाजी होगी। कंगन घाट पर लेजर शो, लाइट शो और साउंड शो भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इसके अलावा सिख इतिहास पर आधारित विशेष फोटो गैलरी और प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष मोबाइल ऐप भी विकसित किया गया है, जिसके माध्यम से उन्हें आयोजन से जुड़ी जरूरी जानकारियां मिल सकेंगी।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने और नियमित मॉनिटरिंग का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का जीवन त्याग, साहस, सेवा, मानवता और धर्म की रक्षा का संदेश देता है। ऐसे पावन अवसर को पूरी श्रद्धा, सम्मान और भव्यता के साथ मनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
अब पटना में जनवरी 2027 का यह आयोजन देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक यादगार आध्यात्मिक अनुभव बनने जा रहा है।
